2 दिसंबर 2018 - 16:02
फ्रांस में किसी भी समय की जा सकती है एमेरजेंसी की घोषणा!

फ़्रांस में ईंधन की बढ़ती क़ीमत के ख़िलाफ़ हो रहे विरोध प्रदर्शन अब उग्र हो चुके हैं और इस समय पूरा फ्रांस उग्र प्रदर्शनों की आग में झुलस रहा है।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार फ्रांस में पेट्रोलियम की बढ़ती क़ीमतों को लेकर जारी जन आंदोलन उग्र हो गया है। फ्रांस सरकार देश में बढ़ते हिंसक प्रदर्शनों को रोकने के लिए इमरजेंसी लगाने पर विचार कर रही है। फ्रांस सरकार के प्रवक्ता बेंजामिन ग्रिवो ने मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि देश में शांति बहाली के लिए और प्रदर्शनकारियों से बातचीत के लिए यह क़दम सरकार उठा सकती है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ प्रदर्शनकारियों के एक गुट ने पेरिस में कई वाहनों को क्षति पहुंचाई है, कई मकानों को भारी नुक़सान पहुंचाया और साथ ही विभिन्न स्थानों पर जमकर आगज़नी की जिससे पूरे पेरिस में स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई है। फ्रांस में पिछले दो सप्ताह से जारी उग्र विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए फ्रांस सरकार ने ऐसी घटनाओं पर रोकथाम के लिए स्थानीय अधिकरियों को कड़े निर्देश दिए हैं।

इस बीच यूरोपीय मीडिया ने ख़बर दिया है कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रोन देश में जारी उग्र विरोध प्रदर्शनों से निपटने के लिए इमरजेंसी लगाने पर विचार-विमर्श के लिए प्रधानमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों के साथ शीघ्र ही आपातकालीन बैठक बुला सकते हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रोन ने शनिवार को उनकी सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने वालों को अराजक तत्व बताया और चेतावनी देते हुए कहा था कि वह किसी भी स्थिति में हिंसा बर्दाश्त नहीं करेंगे।

उल्लेखनीय है कि फ्रांस में ईंधन की क़ीमतों में पूर्व नियोजित योजना के तहत हुई वृद्धि का विरोध कर रहे लोग शुक्रवार से उग्र प्रदर्शनों पर उतर आए हैं। पेरिस में बड़ी संख्या में लोग आपात स्थिति में पहने जाने वाले पीले रंग के कोट पहन कर प्रदर्शन कर रहे हैं।