24 नवंबर 2018 - 13:15
वांटेड, हमास ने नाकाम ऑप्रेशन करने वाले 8 इस्राईली कमांडोज़ की तस्वीरें जारी कर दीं

हमास की सैन्य शाख़ा इज्ज़ुद्दीन क़स्साम ब्रिगेड ने 11 नवम्बर को ग़ज्ज़ा में घुसपैठ करके ख़ुफ़िया ऑप्रेशन करने वाली इस्राईली सैन्य टीम के सदस्यों की तस्वीरें प्रकाशित की हैं।

क़स्साम ब्रिगेड ने अपनी ऑफ़िशियल वेबसाइट पर दो महिलाओं समेत 8 इस्राईली कमांडोज़ की तस्वीरें और इस असफल हमले में शामिल दो वाहनों की तस्वीरें प्रकाशित की हैं।

फ़िलिस्तीनी संगठन ने लोगों से अपील की है कि इन इस्राईली घुसपैठियों के बारे में अगर किसी के पास कोई जानकारी हो तो उससे संपर्क करे।

इसके तुरंत बात, इस्राईली सेना ने एक बयान जारी करके इस्राईली जनता और मीडिया से अपील की है कि इन तस्वीरों को और इनसे संबंधित जानकारी को साझा नहीं करें।

ग़ज्ज़ा में इस्राईली सेना के इस नाकाम ख़ुफ़िया हमले में क़स्साम ब्रिगेड के एक वरिष्ठ अधिकारी नूर बरका समेत 7 फ़िलिस्तीनी शहीद हो गए थे।

वहीं क़स्साम ब्रिगेड के कमांडोज़ ने इस ख़ुफ़िया आप्रेशन को नाकाम बनाते हुए इस्राईल के एक सैन्य अधिकारी की हत्या कर दी थी और दो अन्य को घायल कर दिया था।

जवाबी कार्यवाही के रूप में फ़िलिस्तीनी प्रतिरोधी संगठन ने क़रीब 200 मिसाइल फ़ायर किए थे, जिसमें 2 ज़ायोनियों की मौत हो गई थी।

इस्राईली सेना ने 11 नवम्बर के इस नाकाम ऑप्रेशन के बारे में क़स्साम ब्रिगेड द्वारा जारी की गई जानकारी की पुष्टि या उसका खंडन नहीं किया है।

इस्राईल ने सुरक्षा कारणों का बहाना बनाकर ग़ज्ज़ा हमले में मारे गए अपने कमांडो का नाम भी ज़ाहिर नहीं किया है और न ही इस ऑप्रेशन का लक्ष्य बताया है।

ग़ज्ज़ा में इस्राईली सेना  के इस नाकाम ऑप्रेशन से इस्राईल में राजनीतिक भोंचाल आ गया था, जिसके बाद इस्राईली रक्षा मंत्री एविगडोर लिबरमैन को अपने पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा।