22 नवंबर 2018 - 16:20
आईएईए ने अपनी 14वीं रिपोर्ट में भी ईरान की ओर से जेसीपीओए के पालन की पुष्टि की

अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने 14वीं बार अपनी रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि की है कि ईरान की परमाणु गतिविधियां पूरी तरह से परमाणु समझौते या जेसीपीओए के अंतर्गत उसकी कटिबद्धताओं के दायरे में हैं।

गुरुवार को आईएईए के बैठक के बाद जारी होने वाले बयान में कहा गया है कि ईरान ने परमाणु समझौते के अंतर्गत जो वादे किए थे वह उन पर पूरी तरह से कटिबद्ध है। अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने अपनी 14वीं रिपोर्ट में कहा है कि आईएईए सेफ़गार्ड समझौते के अंतर्गत ईरान के सत्यापन की प्रक्रिया आगे भी जारी रखेगी।

 

संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव क्रमांक 2231 के पारित होने के बाद अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने ईरान की परमाणु गतिविधियों के सत्यापन का दायित्व उठाया है और अब तक उसने अपनी 14 रिपोर्टों में इस बात की पुष्टि की है कि ईरान, परमाणु समझौते के अंतर्गत अपनी सभी कटिबद्धताओं का पालन कर रहा है।