21 नवंबर 2018 - 12:52
सऊदी को तुर्की की धमकीः ख़ाशुक़जी मामले की जांच राष्ट्र संघ से करवाएंगे, घबराए बिन सलमान ने दिया ज़बरदस्त आॅफ़र

तु्र्की के विदेश मंत्री ने सऊदी अरब को धमकी देते हुए कहा है कि अगर उसने पत्रकार जमाल ख़ाशुक़जी की हत्या के मामले में सही ढंग से सहयोग न किया तो इस मामले की जांच संयुक्त राष्ट्र संघ से करवाई जाएगी।

मौलूद चावुश ओग़लू ने वाॅशिंग्टन में अमरीकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो से मुलाक़ात के बाद पत्रकार से बात करते हुए कहा कि अभी ख़ाशुक़जी हत्याकांड में बहुत सी बातें अस्पष्ट हैं और हम उस व्यक्ति का नाम जानना चाह रहे हैं जिसने ख़ाशुक़जी की हत्या का आदेश दिया था। उन्होंने कहा कि हम ख़ाशुक़जी हत्याकांड को एेसा अपराध मानते हैं जिसके सभी पहलू पूरी तरह स्पष्ट होने चाहिए। उन्होंने कहा कि बहुत से देश नहीं चाहते कि ख़ाशुक़जी मामले में सऊदी अरब से उनके संबंध ख़राब हों, हम भी सऊदी अरब से संबंध समाप्त नहीं करना चाहते लेकिन सभी बातें स्पष्ट होनी चाहिए और अगर सऊदी अरब से हमारा सहयोग बंद गली में पहुंच गया तो हम इस हत्याकांड की जांच संयुक्त राष्ट्र संघ से करवाना चाहेंगे और हम इस संबंध में अपने सभी प्रमाण पेश करने के लिए तैयार हैं।

 

तुर्की के विदेश मंत्री ने कहा कि ख़ाशुक़जी हत्याकांड को हम सऊदी अरब के साथ एक मतभेद के रूप में नहीं देखते बल्कि हम चाहते हैं कि इस केस के सभी पहलू उजागर हो जाएं। मौलूद चावुश ओग़लू ने कहा कि इस केस की जांच में सऊदी अरब के सहयोग के वर्तमान स्तर से बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं हैं और रियाज़ को इस संबंध में की जाने वाली जांच के परिणामों से हमें अवगत कराना चाहिए। उन्होंने इसी तरह ख़ाशुक़जी हत्याकांड में सऊदी न्याय तंत्र की ओर से गिरफ़्तार किए गए कुछ लोगों को रिहा और पांच लोगों को मौत की सज़ा दिए जाने के बारे में कहा कि सऊदी अधिकारियों को उस व्यक्ति का नाम बताना चाहिए जिसने ख़ाशुक़जी की हत्या का आदेश दिया था। उस व्यक्ति के ख़िलाफ़ मुक़द्दमा चलाया जाना चाहिए। तुर्क विदेश ने बताया कि उन्होंने ख़ाशुक़जी हत्याकांड के संबंध में नवीनतम सूचनाओं से अमरीका को अवगत करा दिया है।

 

इस बीच मिडल ईस्ट न्यूज़ ने ख़बर दी है कि एक तुर्की अधिकारी ने बताया है कि सऊदी अरब के युवराज मुहम्मद बिन सलमान ने तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान को संदेश भेज कर निवेदन किया है कि ख़ाशुक़जी हत्याकांड को सम्मानजनक ढंग से बंद कर दें। इस रिपोर्ट के अनुसार बिन सलमान ने पेशकश की है कि इस केस को बंद करने के बदले में तुर्की और सऊदी अरब के सभी मतभेद तुर्की के पक्ष में समाप्त हो जाएंगे। मिडल ईस्ट न्यूज़ के अनुसार सऊदी युवराज के बारे में अमरीकी प्रशासन में भी भारी मतभेद पैदा हो चुका है और ट्रम्प सरकार उनके बारे में एकमत फ़ैसला कर पाने में अक्षम दिखाई देती है।