विलादिमीर पुतीन ने रूस के सूची नगर में आयोजित होने वाली वालडे बैठक में कहा कि यूरोपीय देशों का भी मानना है कि ईरान ने परमाणु समझौते का उल्लंघन नहीं किया है इस आधार पर इस देश के ख़िलाफ़ प्रतिबंध लगाने की अमरीका की नीति बहुत बड़ी ग़लती है जो विश्व में विदेशी मुद्रा के भंडार के रूप में डाॅलर पर विश्वास को समाप्त कर देगी। रूसी राष्ट्रपति ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि बहुत से देश, डाॅलर के बजाए अन्य करंसियों के इस्तेमाल के बारे में सोच रहे हैं, कहा कि यूरोपीय देश ईरान से व्यापार करना चाहते हैं और रूस भी ईरान व अन्य देशों के साथ व्यापार में राष्ट्रीय मुद्रा के प्रयोग के मार्ग पर बढ़ रहा है।
विलादिमीर पुतीन ने मध्यपूर्व में अमरीका की एकपक्षीय कार्यवाहियों की आलोचना करते हुए कहा कि ईरान के ख़िलाफ़ अमरीका की कार्यवाहियां आतंकवाद से संघर्ष और मध्यपूर्व के संकटों के समाधान में सहायक नहीं हैं बल्कि इनसे क्षेत्र की समस्याएं ही बढ़ रही हैं। उन्होंने अमरीका द्वारा सीरिया में ईरान की उपस्थिति के विरोध की ओर इशारा करते हुए कहा कि ईरान व सीरिया स्वाधीन देश हैं और ईरान को सीरिया से निकलने के लिए तैयार करना, रूस की ज़िम्मेदारी से बाहर है।