18 सितंबर 2018 - 12:59
यौन उत्पीड़न के आरोपी को ट्रम्प ने बताया अच्छा इन्सान

डोनाल्ड ट्रम्प ने सुप्रीम कोर्ट में जज पद के लिए नामित "ब्रेट कावानाह" का बचाव किया है जिनपर यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे एवं सुप्रीम कोर्ट में जज पद के लिए नामित "ब्रेट कावानाह" का बचाव किया है।  ट्रम्प ने कहा है कि ब्रेट कावानाह एक अच्छे इंसान हैं।

ओवल ऑफिस से ट्रंप ने मीडिया से कहा कि ब्रेट कावानाह उन बेहतरीन लोगों में शामिल हैं, जिन्हें वह जानते हैं। उन्होंने कहा कि उनके रिकॉर्ड में कभी कोई दाग नहीं रहा। वहीं, उन्होंने इन बातों को 'हास्यास्पद’ बताया कि कावानाह् अपना नाम वापस ले सकते हैं।

ट्रंप ने कहा कि मुझे लगता है कि वह बिलकुल सही रास्ते पर हैं। यदि इसमें कोई देरी होती भी है, तो होने दें। हालांकि, ट्रंप ने कावानाह के खिलाफ सोमवार को यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी की प्रोफ़ेसर क्रिस्टिन बी. फोर्ड के दावों पर कोई सीधी टिप्पणी नहीं की।  उल्लेखनीय है कि कावानाह पर एक महिला प्रोफ़ेसर ने आरोप लगाया है कि 1982 में हाई स्कूल के दौरान एक पार्टी में कावानाह ने उनके कपड़े उतारने की कोशिश की थी।  इस बीच, ट्रंप ने यह माना है कि अब सुप्रीम कोर्ट में जज पद के लिए कावानाह के नाम की पुष्टि होने में देरी हो सकती है क्योंकि संसद पर उनके खिलाफ लगे यौन शोषण के आरोपों की सुनवाई करने का दबाव बढ़ रहा है।

इसके बाद विपक्षी डेमोक्रेट्स और सत्तारूढ़ रिपब्लिकन पार्टी के कुछ सदस्यों ने भी सीनेट की न्यायिक समिति से कावानाह की नियुक्ति पर गुरुवार को होने वाली सुनवाई टालने का अनुरोध किया। हालांकि, कावानाह ने आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है और कहा कि वह आरोपों पर जवाब देने के लिए समिति के समक्ष पेश होने को तैयार हैं।