17 सितंबर 2018 - 15:29
दुनिया संयुक्त राष्ट्र संघ में ईरान के राष्ट्रपति के भाषण का इंतेज़ार कर रही हैः पूर्व अमेरिकी राजनयिक

अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों में अमेरिका के उप विदेश मंत्री एवं वरिष्ठ अमेरिकी राजनयिक “फ्रेंक वैज़नियर” ने कहा है कि पूरी दुनिया ईरानी राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रूहानी का भाषण सुनने के लिए व्याकुल है।

इर्ना की रिपोर्ट के मुताबिक़, अमेरिका के वरिष्ठ राजनयिक ने अपने बयान में कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति डॉक्टर हसन रूहानी की आगामी न्यूयॉर्क यात्रा बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि न केवल पूरी दुनिया बल्कि अमेरिका के अधिकतर अधिकारी भी ईरानी राष्ट्रपति द्वारा संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा में दिए जाने वाले भाषण को सुनने के लिए बड़ी बेचैनी से इंतेज़ार कर रहे हैं। “फ्रेंक वैज़नियर” ने कहा कि व्हाइट हाउस में बैठे सभी अधिकारी डॉक्टर रूहानी के भाषण द्वारा मध्यपूर्व में घटित हुए ताज़ा घनाक्रमों के संबंध में ईरान के रुख और उसकी नवीनतम नीतियों से अवगत होना चाहते हैं।

अमेरिका के वरिष्ठ राजनयिक ने कहा कि मध्यपूर्व की ताज़ा स्थिति और तेहरान एवं वॉशिंग्टन के बीच जारी राजनयिक तनाव के कारण ईरान के राष्ट्रपति का आगामी न्यूयॉर्क दौरा अमेरिका अधिकारियों सहित पूरी दुनिया के मीडिया के लिए महत्वपूर्ण हो गया है। “फ्रेंक वैज़नियर” का कहना था कि मध्यपूर्व में हर दिन बदलती परिस्थिति, संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा में होने वाली चर्चा का मुख्य बिंदु होगी। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ महासभा की बैठक में ईरान के परमाणु समझौते से अमेरिका के निकलने, सीरिया एवं इराक़ की ताज़ा स्थिति और ईरान-सऊदी संबंध ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दे हैं जिनपर अधिक बातचीत होने की संभावना है।