शुक्रवार को तेहरान में ईरानी और रूसी नेताओं से मुलाक़ात के बाद अर्दोगान ने कई ट्वीट किए और कहा हम आतंकवादियों को आम लोगों के जीवन से खिलवाड़ नहीं करने देंगे।
अर्दोगान का यह भी कहना था कि अगर दुनिया ने सरकार के हित में हज़ारों और लोगों की मौत पर आंखें मूंद ली हैं तो हम एक ओर खड़े होकर यह सब तमाशा नहीं देखेंगे और न ही इस तरह के खेल में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा, तुर्की सीरियाई संकट का स्थायी समाधान चाहता है और बेघर होने वालों की उनके घरों को सुरक्षित वापसी पर बल देता है।
सीरियाई सेना विदेशों का समर्थन प्राप्त आतंकवादी गुटों के अंतिम ठिकाने इदलिब में आर-पार की लड़ाई शुरू करने जा रही है, ताकि तुर्की से लगे इस प्रांत को भी आतंकवादियों के वजूद से पाक किया जा सके।
इस अवसर पर शुक्रवार को ईरानी राष्ट्रपति हसन रूहानी ने तेहरान में अपने रूसी एवं तुर्क समकक्षों की मेज़बानी की।
तुर्की समर्थित नुस्रा फ़्रंट और अमरीका एवं सऊदी अरब समर्थित कई अन्य आतंकवादी गुटों ने इदलिब पर क़ब्ज़ा किया हुआ है।
तेहरान सम्मेलन में तुर्क राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोगान ने इदलिब में युद्ध विराम पर बल दिया था, लेकिन रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और ईरानी राष्ट्रपति हसन रूहानी ने इदलिब को आतंकवादी गुटों के क़ब्ज़े से आज़ाद कराने के लिए सीरियाई सेना के अभियान का समर्थन किया है।
तेहरान सम्मेलन के बाद तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने एक संयुक्त बयान जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि सीरियाई संकट का अंतिम एवं स्थायी समाधान राजनीतिक प्रक्रिया ही है।