बसरा शहर में प्रदर्शन हो रहे थे और इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकारी इमारतों पर हमला करने की कोशिश की जिसके दौरान पुलिस से होने वाली झड़प में कई लोग हताहत और घायल हो गए।
इस समय पूरे शहर में कर्फ़्यू लगा दिया गया है।
इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने बसरा प्रांत के प्रतिनिधियों के साथ एक मुलाक़ात की जिसमें हालात की समीक्षा की गई और वर्तमान स्थिति से बाहर निकलने के रास्तों के बारे में विचार विमर्श किया गया।
बैठक के बाद जारी होने वाले बयान में कहा गया कि सरकार बसरा प्रांत में पानी की समस्या को दूर करने के लिए प्रयास कर रही है।
सद्र धड़े के प्रमुख मुक़तदा सद्र ने बसरा में कुछ प्रदर्शनकारियों की मौत पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि सुरक्षा बलों में कुछ तत्वों ने घुसपैठ की है और ग़ैर क़ानूनी रूप से प्रदर्शनकारियों पर हमले करते हैं। बसरा के लोग केवल इज़्ज़त की रोटी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
इराक़ के दक्षिणी प्रांतों में गर्मी के मौसम में बार बार बिजली की सप्लाई कटने तथा सरकार की ओर से सेवाओं की कमी के कारण हालिया महीनों में लोगों ने कई बार प्रदर्शन किए।
प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने पिछले महीने ऊर्जा मंत्री को बर्ख़ास्त कर दिया और अन्य दोषी अधिकारियों के खिलाफ़ कार्यवाही करने की बात कही लेकिन हालात में कुछ सुधार नहीं हुआ।
दूसरी ओर इराक़ के स्वयंसेवी बलों ने कहा है कि वह अमरीकी षडयंत्र को नाकाम बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। स्वयं सेवी संगठनों ने एक बयान जारी करके कहा कि हम इराक़ में विदेशी सेनाओं को अतिग्रहणकारी बल के रूप में देखते हैं। बयान में कहा गया है कि अमरीका देश के कुछ राजनेताओं के माध्यम से इराक़ को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है।