ईरान के वरिष्ठ नेता का चयन करने वाली विशेषज्ञ असेंबली के प्रमुख आयतुल्लाह अहमद जन्नती ने कहा कि परमाणु समक्षौते पर ईरान की ओर से पूरी कटिबद्धता के साथ कार्यान्वयन किए जाने के बावजूद अमेरिका ने इस समझौते से निकलकर यह दर्शा दिया कि वह एक धोखेबाज़ और वादा ख़िलाफ़ देश है और उसके साथ किसी भी तरह की वार्ता करना अर्थहीन है।
आयतुल्लाह जन्नती ने कहा कि किसी ऐसे व्यक्ति या देश से वार्ता करने का कोई अर्थ नहीं होता जो अपने किए वादे का पक्का न हो। उन्होंने कहा कि यूरोपीय देशों ने भी अब तक परमाणु समझौते को बाक़ी रखने के लिए कोई उल्लेखनीय आश्वासन नहीं दिया है। आयतुल्लाह जन्नती ने देश में आर्थिक भ्रष्टाचारों के ख़िलाफ़ अभियान में तेज़ी लाने पर बल देते हुए कहा कि, इस संबंध में न्यायपालिका को जिस बिंदु पर सबसे अधिक ध्यान केंद्रित रखने की आवश्यकता है वह यह है कि आर्थिक भ्रष्टाचार के मुख्य आरोपियों को गिरफ़्तार करे। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपियों की गिरफ़्तारियों की स्थिति में ही भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ अभियान में सफलता प्राप्त होगी।
ज्ञात रहे कि पांचवें दौर के विशेषज्ञ असेंबली का पांचवां सम्मेलन मंगलवार से राजधानी तेहरान में आरंभ हुआ है।