4 सितंबर 2018 - 14:12
इराक़ी प्रधान मंत्री बने स्वयंसेवी बल हश्दुश शअबी के प्रमुख

इराक़ी प्रधान मंत्री हैदर अलएबादी ने ख़ुद को दाइश के ख़िलाफ़ लड़ने वाले स्वयंसेवी संगठन हश्दुश शअबी का प्रमुख घोषित किया है।

उन्होंने हश्दुश शअबी के पूर्व प्रमुख को उनकी कथित राजनैतिक व पक्षपाती गतिविधियों में संलिप्तता के कारण पद से हटाने के कुछ दिनों के भीतर यह एलान किया है।

सोमवार को इराक़ी प्रधान मंत्री कार्यालय से जारी बयान में आया है कि इराक़ी फ़ोर्सेज़ के कमान्डर इन चीफ़ ने हालात की समीक्षा के लिए हश्दुश शअबी के कमान्ड सेंटर का दौरा किया।

बयान के अनुसार, उन्होंने (एबादी) आतंकवाद के ख़िलाफ़ सफलता हासिल करने में हश्दुश शअबी के जियालों के महा बलिदान और देश के पुनर्निर्माण में उनकी कोशिशों की तारीफ़ की।

इस बयान के अंत में आया है कि वह हश्दुश शअबी को हर तरह की मदद देने के लिए तय्यार हैं।

ग़ौरतलब है कि फ़लीह अलफ़य्याज़ को स्वयंसेवी बल हश्दुश शअबी के प्रमुख के पद से शुक्रवार को हटा दिया गया और हैदर अलएबादी के कार्यालय की ओर से जारी बयान में आया है कि उनको हटाने का यह फ़ैसला सरकार बनाने के लिए जारी बातचीत में उनके शामिल होने की वजह से लिया गया क्योंकि इससे देश की सुरक्षा प्रणाली प्रभावित होती।