सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी साना की रिपोर्ट के मुताबिक़, सीरिया की वायु सेना के युद्धक विमानों और तोपख़ानों ने पूर्वी सीरिया के सोवैदा के हादिया शर्क़ी इलाक़े में स्थित दाइश के ख़ुफ़िया ठिकानों पर बामबारी की है। सीरियाई सेना की गोलीबारी में दाइश के कई ठिकाने पूरी तरह से तबाह हो गए हैं, जबकि इस कार्यवाही में दर्जनों आतंकवादी भी मारे गए और घायल हुए हैं।
दूसरी ओर सीरिया के गृह मंत्री मोहम्मद अश्शेआर ने कहा है कि सीरिया सेना की दाइश के ख़िलाफ़ जारी यह सैन्य कार्यवाही आतंकवादियों के अंतिम ठिकाने की तबाही तक जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सीरियाई सेना, आतंकवादियों और उनके समर्थकों के विरुद्ध युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार है। मोहम्मद अश्शेआर ने कहा कि हमने देश के अधिकतर भागों से आतंकियों को मार भगाया है और हमारी सेना का मनोबल बहुत बुलंद है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले सीरिया के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि, आतंकवादियों के ख़िलाफ़ युद्ध करना सीरियाई सेना का कर्तव्य है और दमिश्क़ सरकार संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रस्तावों के अनुसार अपने मिशन को पूरी ज़िम्मेदारी के साथ आगे बढ़ा रही है।