2 सितंबर 2018 - 10:04
ईरान, रूस, इराक़ और सीरिया के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की बग़दाद में हुयी बहुत अहम बैठक

ईरान, रूस, इराक़ और सीरिया के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की बग़दाद में गुप्तचर सहयोग और सुरक्षा के विषय पर बहुत अहम बैठक हुयी।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को हुयी इस बैठक में चारों देशों के कमान्डरों ने भाग लिया। इर चारों देशों का आतंकवादी गुट दाइश के ख़िलाफ़ लड़ाई को समन्वित करने के लिए संयुक्त कार्यवाही कक्ष है।

इराक़ के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि डिप्टी चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ की अगुवाई में इन देशों के प्रतिनिधिमंडल आए जिसका उद्देश्य आपस में सुरक्षा और गुप्तचर सेवा के क्षेत्र में सहयोग व समन्वय को मज़बूत बनाना है।

लेफ़्टिनंट जनरल सलीम हर्बा की अगुवाई में सीरियाई प्रतिनिधिमंडल बग़दाद पहुंचा। उन्होंने कहा कि चारों देश मानवता के लिए ख़तरा बन चुके आतंकवाद से निपटने पर सहमत हैं।

उन्होंने इस बात की भी चेतावनी दी कि अमरीका की ओर से छद्म युद्ध करने वाले सीरिया में नया केमिकल हमला करने और उसकी ज़िम्मेदारी दमिश्क़ सरकार पर मढ़ने की साज़िश रच रहे हैं ताकि इस अरब देश पर नए हमले का औचित्य दर्शाएं।

दमिश्क़ के निवेदन पर ईरान, सीरियाई सरकार की आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में सैन्य सलाहकार के रूप में मदद कर रहा है।

रूस के भी सीरिया में सैन्य सलाहकार हैं। इसके अलावा रूस सीरियाई सरकार की ओर से आतंकवादियों के ठिकाने पर हवाई कार्यवाही भी करता है।

तेहरान और मॉस्को के समर्थन से सीरियाई सेना की आतंकियों के ख़िलाफ़ विभिन्न मोर्चों पर प्रगति में तेज़ी आयी है।