26 अगस्त 2018 - 18:24
सऊदी अरब पर फिर लगा हज के दुरुपयोग का आरोप, समिति की रिपोर्ट से आले सऊद के उड़े होश

हज के मामलों में सऊदी अरब के प्रबंधन पर नज़र रखने वाली समिति ने कहा है कि सऊदी अरब, हज से प्राप्त होने वाली आय का दुरुपयोग कर रहा है। यह देश करों में वृद्धि करके हाजियों को ऋण लेने के लिए मजबूर कर रहा है।

“अल हरमैन वॉच” नामक वेबसाइट ने हज के मामलों में सऊदी अरब के प्रबंधन पर नज़र रखने वाली समिति के हवाले से लिखा है कि सऊदी अरब, पवित्र हज से प्राप्त होने वाले अरबों डॉलर का ग़लत उपयोग कर रहा है। इतनी आय के बावजूद रेयाज़ ने हज के टेक्सों में वृद्धि कर दी है, जिसके कारण हज पर आने वाले तीर्थयात्रियों को क़र्ज़ लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। समिति ने अपने बयान में उल्लेख किया है कि आले सऊद शासन और सऊदी अधिकारी हज की आय को साधन के रूप में देखते हैं और वे तीर्थयात्रियों की आवश्यकताओं और इस्लामी धरोहरों की सुरक्षा को बिल्कुल ही महत्व नहीं देते हैं।

हज मामलों में सऊदी सरकार के प्रबंधन पर नज़र रखने वाली समिति ने कहा है कि हज का प्रबंधन, सभी इस्लामी देशों की भागीदारी से बनने वाली एक अंतर्राष्ट्रीय समिति के हवाले कर देना चाहिए जो पूरी इमानदारी से हज जैसे महत्वपूर्ण इस्लामी संस्कार और हरामैन शरीफ़ के प्रबंधन का संचालन करे।

उल्लेखनीय है कि ग़रीब और निर्धन अरब देश, यमन पर आले सऊद द्वारा थोपे गए युद्ध के कारण सऊदी अरब के ख़र्चों में आई अत्यधिक वृद्धि को पूरा करने के लिए रेयाज़ सरकार ने पवित्र हज से होने वाली आय को अपनी आमदनी का मुख्य कारण बना लिया है और यही वजह है कि लगातार आले सऊद हज के करों में वृद्धि करती जा रही है।

ज्ञात रहे कि उक्त समिति ने इससे पहले भी सऊदी अरब पर आरोप लगाया था कि वह हज को अपने राजनीतिक लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए इस्तेमाल करते हुए उमरे पर जाने वाले तीर्थयात्रियों के क़ानूनी अधिकारों का भी दुरुपयोग कर रहा है।