पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के मंत्रीमंडल में शामिल पीटीआई और घटक दलों के 16 सदस्यों ने अपने पद के लिए शपथ ग्रहण की। सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने 16 मंत्रियों को शपथ दिलाई। शाह महमूद क़ुरैशी को विदेश मंत्री, असद उमर को वित्तमंत्री, परवेज़ ख़टक को रक्षा मंत्री और फ़वाद चौधरी को सूचना व प्रसारण मंत्री बनाया गया है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री इमरान ख़ान समेत अनेक नेता उपस्थित थे।
इससे पहले इमरान ख़ान ने प्रधानमंत्री बनने के बाद रविवार को पहली बार राष्ट्र को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में देश के समक्ष मौजूद अनेक समस्याओं की ओर इशारा किया। उन्होंने विदेश नीति के बारे में कहा कि हमें पड़ोसी देशों से रिश्ते सुधारने की ज़रूरत है। शांति एक ज़रूरत है और इसके बिना हम पाकिस्तान की स्थिति नहीं सुधार सकते। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद से संघर्ष जारी रखने का इच्छुक है और शांति व सुरक्षा के बिना देश में कोई प्रगति नहीं हो सकती।इमरान ख़ान ने कहा कि पूरे पाकिस्तान में स्वच्छता अभियान की शुरुआत की जाएगी और कम बजट के 50 लाख घर बनाए जाएंगे जो एक चुनौती भरा कार्य है।
भ्रष्टाचार पर बोलते हुए इमरान ख़ान ने कहा कि पाकिस्तान का गृह मंत्रालय उन्होंने अपने पास रखा है क्योंकि वे भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ बड़ा अभियान छेड़ने जा रहे हैं और इसके लिए उन्हें देश की जनता की मदद चाहिए। पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने देश को आर्थिक संकट से उबारने के लिए अपनी सुविधाओं में कटौती की पहल की है। उन्होंने कहा है कि वे प्रधानमंत्री आवास के बजाय सैन्य सचिव के लिए बने तीन बेडरूम वाले घर में रहेंगे और प्रधानमंत्री आवास के 524 सेवकों में से केवल दो को रखेंगे।