विश्व के अनेक देशों के नेताओं ने ब्रिटेन की राजधानी लंदन में हुए हमले की निंदा की है।
अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने इस हमले की निंदा की और ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीज़ा में से टेलीफ़ोन पर बात करते हुए हमले के दोषियों को क़ानून के कटघरे में लाने में अपनी पूरी सहायता का विश्वास दिलाया। जर्मनी की चांसलर एंगेला मर्केल ने कहा कि जर्मनी, ब्रिटेन के साथ मजबूती से खड़ा है। फ़्रान्स के राष्ट्रपति फ़्रान्सवा ओलांद ने ब्रिटेन के साथ एकजुटता और समर्थन का संदेश देते हुए कहा है कि हाल में आतंकी हमलों का सामना कर चुका फ़्रान्स, ब्रिटेन के लोगों की पीड़ा समझता है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मेलकम टर्नबुल ने भी हमले की निंदा करते हुए इसे संसद, स्वतंत्रता और लोकतंत्र पर हमला बताया। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने एक ट्वीट में कहा कि कनाडा के लोग ब्रिटेन के नागरिकों के साथ हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकी हमले की निंदा करते हुए कहा कि मुश्किल की इस घड़ी में भारत, आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में ब्रिटेन के साथ है।
ज्ञात रहे कि ब्रिटेन की राजधानी लंदन में बुधवार की शाम संसद के निकट एक आतंकी हमले में पांच लोग मारे गए और लगभग 40 घायल हुए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मार्क राउले ने बताया कि वेस्टमिंस्टर ब्रिज पर हमलावर की कार ने लोगों और पुलिस अधिकारियों को कुचल दिया। कार से कुचले गए तीन लोगों की मौत हो गई। हमलावर को गोली मार दी गई। इससे पहले हमलावर ने एक पुलिस अधिकारी पर चाक़ू से हमला किया था।
23 मार्च 2017 - 13:54
समाचार कोड: 819517
विश्व के अनेक देशों के नेताओं ने ब्रिटेन की राजधानी लंदन में हुए हमले की निंदा की है।