अफ़ग़ानिस्तान के सुरक्षा बलों ने तकफ़ीरी, आतंकी व तालेबान गुटों के दमन की कार्यवाही जारी रखते हुए इन गुटों के लगभग 200 आतंकियों को मार गिराया है।
अफ़ग़ान रक्षा मंत्रालय के प्रेस कार्यालय ने एक बयान जारी करके बताया है कि अफ़ग़ानिस्तान के सुरक्षा बलों ने पिछले 48 घंटों के दौरान लग़मान, नंगरहार, कापीसा, लूगर, फ़राह, तख़ार, बग़लान, पक्तीका, हेरात, बादग़ीस, काबुल और हेलमंद प्रांतों में आतंकी, तकफ़ीरी व तालेबान गुटों के विरुद्ध जो कार्यवाहियां की हैं उनमें कम से कम 200 आतंकी मारे गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार हेलमंद प्रांत के नादे अली ज़िले में अफ़ग़ान सुरक्षा कर्मियों ने तालेबान गुट के 47 आतंकियों को मार गिराया जबकि 90 से अधिक आतंकी घायल हो गए।
इस बीच तालेबान गुट के प्रवक्ता ने बताया है कि अमरीका के चालक रहित विमानों ने अफ़ग़ानिस्तान के विभिन्न क्षेत्रों पर हमले किए हैं। ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने बताया कि अमरीकी ड्रोन विमानों ने पिछले 24 घंटों में ज़ाबुल, वरदक, तख़ार और फ़राह पर हमले किए हैं। उन्होंने दावा किया कि इन हमलों में अनेक महिलाओं व बच्चों समेत 66 असैनिक मारे गए और दसियों अन्य घायल हो गए। अफ़ग़ान रक्षा मंत्रालय का कहना है कि मारे जाने वाले सभी लोग तालेबान के सदस्य थे।
उधर कुछ समाचारिक सूत्रों ने अफ़ग़ानिस्तान में अमरीका का एक ड्रोन गिर कर तबाह होने की सूचना दी है। नैटो ने शनिवार को घोषणा की है कि अमरीका का एक ड्रोन परवान प्रांत के बगराम एयर बेस के निकट गिर गया। नैटो ने तकनीकी ख़राबी को इस दुर्घटना का कारण बताया है और कहा है कि इस चालक रहित विमान के विभिन्न कलपुर्ज़े खोज लिए गए हैं। बगराम एयर बेस पिछले 15 साल से अफ़ग़ानिस्तान में अमरीका व नैटो की मुख्य छावनी के रूप में काम कर रहा है।
4 मार्च 2017 - 19:44
समाचार कोड: 815645
अफ़ग़ानिस्तान के सुरक्षा बलों ने तकफ़ीरी, आतंकी व तालेबान गुटों के दमन की कार्यवाही जारी रखते हुए इन गुटों के लगभग 200 आतंकियों को मार गिराया है।