उत्तरी इराक़ के नैनवा प्रांत के स्थानीय सूत्रों ने मूसिल शहर में दाइश के स्थानीय और विदेशी लड़ाकों के मध्य भीषण मतभेद और मूसिल के पूर्वी भाग से दाइश के सरग़नों के नंगे पांव भागने की सूचना दी है।
तस्नीम न्यूज़ एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार, नैनवा प्रांत के एक स्थानीय सूत्र ने सूमरिया टीवी चैनल से बात करते हुए कहा कि दाइश का सरग़ना अबू बक्र अलबग़दादी, पूर्वी मूसिल में गुट को बुरी स्थिति से निकालने के लिए हस्तक्षेप पर विवश हो गया है क्योंकि मूसिल का पूर्वी भाग दाइश के नियंत्रण से पूरी तरह निकल गया है।
उनका कहना था कि इसी परिप्रेक्ष्य में बग़दादी ने आदेश दिया है कि दाइश के तत्वों का पूर्वी मूसिल से निकलना और नौकाओं द्वारा दजला नदी पार करके मूसिल की दाहिनी पट्टी पर पहुंचना, दाइश के अरब और विदेशी तत्वों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
नैनवा प्रांत के इस सूत्र ने बताया कि इस आदेश के बाद दाइश के स्थानीय कमान्डर और लड़ाके भड़क उठे और उन्होंने अपना रोष व्यक्त किया। उनका कहना था कि पूर्वी मूसिल से दाइश के आतंकियों के फ़रार होने के साथ ही क्षेत्र में काफ़ी अशांति और अराजकता फैल गयी है, इस प्रकार से कि दाइश के कुछ तत्वों को चप्पल या जूते तक पहनने का मौक़ा नहीं मिला और वह नंगे पांव ही दजला नदी के तट पर पहुंच गये।
इराक़ी सूत्रों का कहना है कि मूसिल शहर के पूर्वी भाग पर से दाइश का नियंत्रण पूरी तरह समाप्त हो गया है और इराक़ के आतंकवाद निरोधक दल ने बुधवार को एक प्रेस कांफ़्रेंस में कहा था कि आतंकियों को खदेड़ने के बाद मूसिल शहर की बायीं पट्टी पर सेना का नियंत्रण हो गया है।
दाइश द्वारा मूसिल में बग़दादी की उपस्थिति का खुला प्रोपेगैंडा
नैनवा प्रांत के एक स्थानीय सूत्र ने भी बताया कि दाइश के लड़ाके गाड़ियों पर लाउडस्पीकर लगाकर मूसिल सिट्टी की दायीं पट्टी पर बग़दादी की उपस्थिति का प्रचार व प्रसार कर रहे हैं।
उनका कहना था कि दाइश को मूसिल सिटी की बायीं पट्टी पर अपने लड़ाकों के मनोबल के गिरने की काफ़ी चिंता है विशेषकर पूर्वी मूसिल से सेना के हाथों पराजित होने के बाद दाइश के सैकड़ों कमान्डर इस क्षेत्र में शरण लिए हुए हैं।
इस सूत्र का कहना है कि वर्तमान समय में खुलकर इस बात की घोषणा करना कि बग़दादी शहर में मौजूद है, केवल एक प्रोपेगैंडा है क्योंकि प्राप्त सूचनाओं के आधार पर वह इस समय मूसिल से बाहर है। उनका कहना था कि इस प्रोपेगैंडे का लक्ष्य, दाइश के आतंकियों के गिरे मनोबल को दोबारा उठाना है क्योंकि वह हर मोर्चे पर सेना और स्वयं सेवी बलों से बुरी तरह पराजित हो चुके हैं।
20 जनवरी 2017 - 19:50
समाचार कोड: 806217
उत्तरी इराक़ के नैनवा प्रांत के स्थानीय सूत्रों ने मूसिल शहर में दाइश के स्थानीय और विदेशी लड़ाकों के मध्य भीषण मतभेद और मूसिल के पूर्वी भाग से दाइश के सरग़नों के नंगे पांव भागने की सूचना दी है।