4 जनवरी 2017 - 15:36
आतंकवाद के विरुद्ध मास्को, तेहरान, दमिश्क़ और बग़दाद का सहयोग ज़रूरी।

इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने अपने ताज़ा बयान में दाइश और अन्य आतंकी गुटों को इराक़ी और सीरियाई राष्ट्रों का संयुक्त शत्रु बताया और कहा कि आतंकवाद से संघर्ष के लिए मास्को, तेहरान, दमिश्क़ और बग़दाद का चार पक्षीय सहयोग आवश्यक है।

इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने अपने ताज़ा बयान में दाइश और अन्य आतंकी गुटों को इराक़ी और सीरियाई राष्ट्रों का संयुक्त शत्रु बताया और कहा कि आतंकवाद से संघर्ष के लिए मास्को, तेहरान, दमिश्क़ और बग़दाद का चार पक्षीय सहयोग आवश्यक है।
इराक़ी प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने लेबनान के अलअख़बार समाचारपत्र से बात करते हुए कहा कि दाइश और अन्य आतंकी गुट इराक़ी और सीरियाई राष्ट्र के संयुक्त शत्रु हैं और इस ख़तरे को समाप्त करने के लिए हमारे बीच सहयोग की आवश्यकता है।
उनका कहना था कि मास्को, तेहरान, दमिश्क़ और बग़दाद का चार पक्षीय सहयोग, सोचा समझा क़दम है। उन्होंने कहा कि इसे आतंकवाद के उस खत़रे से मुक़ाबले की आवश्यकता के लिए बनाया गया है जो हमारे राष्ट्र के लिए प्रत्यक्ष ख़तरा हैं।
इराक़ी प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समन्वय आवश्यक है क्योंकि आतंकवाद का ख़तरा यथावत बाक़ी है और आतंकवाद से संघर्ष के क्षेत्र में ईरान, रूस और सीरिया के साथ सहयोग सभी के हित में है।
हैदर अलएबादी ने कहा कि हम क्षेत्र के समस्त देशों के साथ व्यापक सहयोग के इच्छुक हैं और आतंकवद के ख़तरे को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए एकजुटता बहुत आवश्यक है। इराक़ी प्रधानमंत्री ने कहा कि सीरिया, इराक़ का एक अरब पड़ोसी देश है और आशा है कि इस देश में शांति और स्थरिता की स्थापना होगी।
उनका कहना था कि सीरिया की स्थिति से इराक़ प्रभावित होता है और दोनों देशों की सीमाओं की स्थिति नियंत्रित करने के लिए हम सीरियाई पक्षों के साथ सहयोग करेंगे। उन्होंने हलब शहर में सीरिया की सेना की सफलता की ओर संकेत करते हुए कहा कि दाइश अब इराक़ और सीरिया में पराजय का स्वाद चख रहा है।