29 दिसंबर 2016 - 16:24
इराक़ी प्रधानमंत्री ने लगाई सऊदी अरब को फटकार, कहा इराक़ में हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं।

इराकी प्रधानमंत्री हैदर अलऐबादी ने आले सऊद के विदेश मंत्री के हालिया बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि सऊदी अरब अपनी समस्याओं का समाधान करे और इराक में दखल न दे।

अहलेबैत (अ) न्यूज़ एजेंसी अबना: इराकी प्रधानमंत्री हैदर अलऐबादी ने आले सऊद के विदेश मंत्री के हालिया बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि सऊदी अरब अपनी समस्याओं का समाधान करे और इराक में दखल न दे।
अलफ़ुरात न्यूज के अनुसार, इराकी प्रधानमंत्री ने बल देते हुए कहा है कि देश भर से तीन महीनों के अंदर सभी आईएस चरमपंथी आतंकवादियों का सफाया कर दिया जाएगा। अलऐबादी ने बगदाद में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दो महीनों के दौरान इराकी सैन्य जवानों ने 900 से अधिक आईएस बख़्तरबंद और गोला बारूद से भरी गाड़ियों को नष्ट किया है।
इराकी प्रधानमंत्री ने बताया: इराकी सेना के मूसेल ऑप्रेशन सफलतापूर्वक चल रहे हैं और सेना बहुत सावधानी के साथ संचालन कर रही है।
इराकी प्रधानमंत्री ने आले सऊद द्वारा लगाए जाने वाले आरोपों का जवाब देते हुए कहा: सऊदी अरब द्वारा हशदुश् शअबी पर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद और मनगढ़ंत हैं, सऊदी अरब को इराकी समस्या में हस्तक्षेप करने से दूर रहना चाहिए।
गौरतलब है कि आले सऊद के विदेश मंत्री आदिल अलजुबैर ने जॉर्डन के विदेश मंत्री के साथ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए इराकी सार्वजनिक स्वयंसेवी बल हशदुश् शअबी को ईरान समर्थित आदिवासी सैन्य संगठन करार दिया था और कहा था कि हशदुश् शअबी इराक में ईरान की मदद से लोगों का नरसंहार कर रही है।