इराक़ी प्रधानमंत्री ने नैनवा प्रांत के एक तिहाई भाग के दाइश के क़ब्ज़े से आज़ाद होने की सूचना दी है।
हैदर अलएबादी ने मूसिल शहर के दक्षिण में स्थित हम्माम अलअलील इलाक़े की जनता से मुलाक़ात में यह सूचना दी।
इर्ना के अनुसार, इस मुलाक़ात में उन्होंने दाइश के अतिग्रहण से नैनवा प्रांत की आज़ादी की कार्यवाही में इराक़ी सशस्त्र बलों की उल्लेखनीय सफलता की ओर इशारा करते हुए बताया कि इस कार्यवाही में सफलता की रफ़्तार अंबार प्रांत के रमादी शहर और उत्तरी प्रांत सलाहुद्दीन के बीजी शहर की आज़ादी की कार्यवाही से तेज़ रही है।
इराक़ी प्रधान मंत्री ने मूसिल से आम नागरिकों को दूसरी जगह पहुंचाने में इराक़ी फ़ोर्सेज़ की उपलब्धि को संतोषजनक बताते हुए कहा कि आतंकवाद निरोधक बल, इराक़ी सेना और पुलिस, स्वयंसेवी बलों के साथ सभी मोर्चों पर पूर्वनियोजित कार्यक्रम के अनुसार तेज़ी से आगे बढ़े हैं।
उन्होंने इस बात की ओर इशारा करते हुए कि जो इलाक़े आज़ाद हुए हैं वहां के लोगों ने इराक़ी फ़ोर्सेज़ का स्वागत किया, कहा कि नैनवा कार्यवाही, मानवाधिकारों के किसी प्रकार के उल्लंघन के बिना जारी है।
हैदर अलएबादी ने इस बात की ओर इशारा करते हुए कि दाइश किसी भी नैतिक मूल्य का पालन नहीं करता, अखंड इराक़ के लिए जनता से इराक़ी फ़ोर्सेज़ का समर्थन करने पर बल दिया।
उन्होंने इसी प्रकार दाइश को पूरी दुनिया के लिए ख़तरा बताते हुए कहा कि इराक़ को दाइश के आतंकियों को पछाड़ने के लिए और मदद की ज़रूरत है।
ज्ञात रहे मूसिल की आज़ादी का अभियान इराक़ी प्रधान मंत्री हैदर अलएबादी के आदेश से 17 अक्तूबर से चल रहा है।
13 दिसंबर 2016 - 20:15
समाचार कोड: 798011
इराक़ी प्रधानमंत्री ने नैनवा प्रांत के एक तिहाई भाग के दाइश के क़ब्ज़े से आज़ाद होने की सूचना दी है।