28 जुलाई 2016 - 09:47
सीरिया: हलब के पूर्वी क्षेत्रों में आतंकवादियों की सप्लाई लाइन काट दी गई

सीरिया की आधिकारिक न्यूज़ एजेंसी साना की रिपोर्ट के अनुसार, सीरियाई सेना ने बुधवार को एक बयान जारी किया है जिसमें कहा गया है कि सेना ने अपने सहयोगियों की मदद से हलब के उत्तरी क्षेत्रों में अपना सैन्य मिशन सफलतापूर्वक अंजाम दिया है

अहलेबैत समाचार एजेंसी अबनाः सीरिया की सेना ने घोषणा की है कि उसने हलब के पूर्वी क्षेत्रों में आतंकवादी समूहों की सप्लाई लाइनें काट दी हैं।
सीरिया की आधिकारिक न्यूज़ एजेंसी साना की रिपोर्ट के अनुसार, सीरियाई सेना ने बुधवार को एक बयान जारी किया है जिसमें कहा गया है कि सेना ने अपने सहयोगियों की मदद से हलब के उत्तरी क्षेत्रों में अपना सैन्य मिशन सफलतापूर्वक अंजाम दिया है और आतंकवादियों की सभी सप्लाई लाइनें काट दी हैं और रास्ते बंद कर दिए हैं कि जिन्हें आतंकवादी अपने तत्वों को लाने और सैन्य उपकरण पूर्वी क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए इस्तेमाल करते थे।
सेना के बयान में सभी लोगों की शांति और सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए उनसे अपील की गई है कि वह जंग को रोकने, हलब में शांति बहाली, स्कूल फिर से खोलने, बिजली की आपूर्ति और सामान्य जीवन फिर से शुरू करने के लिए सीरियाई सेना के साथ सहयोग करें।
सीरियाई सेना ने कहा है कि खून खराबे से बचने के लिए हलब के पूर्वी क्षेत्रों के उन सभी लोगों से कि जिनके पास हथियार हैं, अपील की जाती है कि वह अपने हथियार सेना के हवाले कर दें उसके बाद वह चाहें तो हलब में रहें और यदि चाहें तो हलब को छोड़कर जा सकते हैं।
सेना का कहना था कि हम सभी लोगों से अपील करते हैं कि वह होशियारी से काम लें और हलब में शांति बहाली के लिए राष्ट्रीय हितों पर ध्यान दें और उनहें प्राथमिकता दें।