सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने यमन के एक मुख्य टीवी चैनल के कार्यालय पर हमला किया है।
प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार गुरुवार को सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने यमन पर अपना अतिक्रमण जारी रखते हुए अलमसीरा टीवी चैनल के कार्यालय पर हमला किया। इस टीवी चैनल का प्रसारण यमन के अंसारुल्लाह जनांदोलन की ओर से किया जाता है। अलमसीरा, यमन के विरुद्ध सऊदी अरब के अतिक्रमण के संबंध में सूचनाओं का मुख्य स्रोत समझा जाता है।
सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने इसी प्रकार यमन के विभिन्न नगरों पर भी अपने हमले जारी रखे। इन हमलों में यमन के पश्चिम में हुदैदा नगर के सालिफ़ एयर डिफ़ेंस कैम्प को भी निशाना बनाया गया। मआरिब प्रांत में सऊदी युद्धक विमानों ने एक एंटी एयर क्राफ़्ट बटालियन पर हमले किए। इसी प्रकार तइज़ प्रांत में राष्ट्रपति महल पर भी हमला किया गया है। इससे पहले सऊदी युद्धक विमानों ने राजधानी सनआ और सअदा प्रांत पर भी हमले किए।
इस बीच ईरान के विदेश मंत्रालय ने तेहरान में सऊदी अरब के प्रभारी राजदूत को तलब करके सऊदी अरब के युद्धक विमानों द्वारा यमन में ईरान के एक कारगो विमान को सनआ हवाई अड्डे पर उतरने न देने के कारण अपनी आपत्ति जताई। विदेश मंत्रालय के अनुसार तेहरान में सऊदी अरब के सबसे वरिष्ठ कूटनयिक को तलब करके उन्हें इस संबंध में अपनी आपत्ति से अवगत कराया गया।
30 अप्रैल 2015 - 16:40
समाचार कोड: 687588
सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने यमन के एक मुख्य टीवी चैनल के कार्यालय पर हमला किया है।