29 अप्रैल 2015 - 14:59
 नेपाल में भूकंप से मरने वालों की संख्‍या 5000 से अधिक

नेपाल में भूकंप से मरने वालों की संख्‍या पांच हज़ार से अधिक हो गई है जबकि लगभग दस हज़ार लोग घायल हुए हैं।

नेपाल में भूकंप से मरने वालों की संख्‍या पांच हज़ार से अधिक हो गई है जबकि लगभग दस हज़ार लोग घायल हुए हैं।
नेपाल के गृहमंत्रालय ने बताया है कि शनिवार को आए विनाशकारी भूकंप और उसके बाद आये भूकंप के झटकों से अब तक पांच हज़ार छः लोगों की मौत हो चुकी है और दस हज़ार दो सौ से अधिक लोग घायल हुए हैं। काठमांडू ज़िले में सबसे अधिक एक हज़ार 39 लोग मारे गए हैं। मलबे में दबे शवों के सड़ने से महामारी का ख़तरा बढ़ गया है। नेपाल की सेना के प्रवक्‍ता ने बताया है कि लोगों को बचाना प्राथमिक लक्ष्‍य है और नेपाली सेना के हेली कॉप्‍टर और भारतीय वायुसेना के विमान आपदा प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को निकालने का काम कर रहे हैं लेकिन वर्षा के कारण बचाव कार्य में रुकावट आई है।
भारत, चीन, पाकिस्‍तान और बांग्लादेश सहित अनेक देशों ने भी तलाश, बचाव और राहत कार्यों में सहायता के लिए अपने जवान भेजे हैं। कुछ क्षेत्रों में बिजली और टेलीफ़ोन व्‍यवस्‍था बहाल कर दी गई है लेकिन अधिकांश स्‍थानों पर अभी भी बिजली नहीं है। बचाव कार्य पूरा हो जाने के बाद भूकंप प्रभावित 29 ज़िलों के लोगों को राहत पहुंचाने पर मुख्‍य रूप से ध्‍यान दिया जा रहा है।