अबनाः एक अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था ने कहा है कि इराक़ में आईएसआईएल ने ईज़दी समुदाय की महिलाओं और लड़कियों के विरुद्ध सुनियोजित ढंग से यौन अपराध किया है।
ह्यूमन राइट्स वॉच ने एक रिपोर्ट जारी करके कहा है कि आईएसआईएल के आतंकियों ने उत्तरी इराक़ में ईज़दी समुदाय की लड़कियों व महिलाओं को सुनियोजित ढंग से यौन शौषण और यौन हिंसा का शिकार बनाया है और यह मानवता के विरुद्ध अपराध हो सकता है। संस्था ने जनवरी-फ़रवरी 2015 में उत्तरी इराक़ के कई शहरों में घटने वाली घटनाओं, आईएसआईएल के हाथों से बच कर निकल भागने वाली अनेक ईज़दी महिलाओं व लड़कियों से बात-चीत और इस संबंध में आईएसईएल के बयानों के बाद घोषणा की है कि इस आतंकी गुट ने उत्तरी इराक़ में व्यापक, विस्तृत एवं सुनियोजित ढंग से सामूहिक बलात्कार और यौन हिंसा से काम लिया है।
ह्यूमन राइट्स वॉच की रिपोर्ट के अनुसार आईएसआईएल ने अक्तूबर 2014 में अल्पसंख्यक ईज़दी समुदाय के कई हज़ार लोगों का अपहरण कर लिया और महिलाओं व लड़कियों को उनके परिवारों से दूर करके अन्य स्थानों पर पहुंचा दिया। रिपोर्ट में बताया गया है कि संस्था ने सितम्बर 2014 से जनवरी 2015 के बीच आईएसआईएल के हाथों से बच कर निकल भागने वाली ग्यारह महिलाओं और नौ बच्चियों से बात की है। इनमें से बारह साल की दो बच्चियों ने बताया है कि उनके साथ कई बार बलात्कार हुआ है और कई बार उन्हें दूसरों के हाथ बेचा गया है। एक स्थानीय डॉक्टर ने ह्यूमन राइट्स वॉच को बताय कि उसने अब तक 105 महिलाओं व लड़कियों का निरीक्षण किया है जिनमें से 70 प्रतिशत के साथ आईएसआईएल के आतंकियों ने बलात्कार किया है। डॉक्टर ने बताया कि इस प्रकार की घटनाओं के बाद ये सभी महिलाएं और लड़कियां मानसिक परेशानियों में ग्रस्त हैं और उनमें से अनेक ने यौन हिंसा से बचने के लिए आत्म हत्या का प्रयास किया है।
ह्यूमन राइट्स वॉच ने संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद से मांग की है कि वह यथाशीघ्र इराक़ में जारी युद्ध में आईएसआईएल की ओर से यौन हिंसा और यौन अपराधों को रोकने के लिए प्रभावी क़दम उठाए। संस्था ने इसी प्रकार नाइजीरिया में आतंकी गुट बोको हराम की ओर से इस प्रकार के अनेक अपराधों के बारे में भी अलग रिपोर्ट तैयार की है। बोको हराम ने भी वर्ष 2014 में बड़ी संख्या में महिलाओं और लड़कियों का अपहरण करने के बाद उनके साथ बलात्कार किया या उन्हें जबरी विवाह करने पर विवश किया।
16 अप्रैल 2015 - 19:23
समाचार कोड: 684268
एक अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था ने कहा है कि इराक़ में आईएसआईएल ने ईज़दी समुदाय की महिलाओं और लड़कियों के विरुद्ध सुनियोजित ढंग से यौन अपराध किया है।