16 अप्रैल 2015 - 19:23
आगरा में चर्च पर हमला कर की तोड़फाड़।

भारत में गुरुवार को सुबह सवेरे आगरा कैन्ट के इलाक़े में असामाजिक तत्वों ने एक चर्च के भीतर काफ़ी तोड़फोड़ की और वहां मौजूद चीज़ों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

अबनाः भारत में गुरुवार को सुबह सवेरे आगरा कैन्ट के इलाक़े में असामाजिक तत्वों ने एक चर्च के भीतर काफ़ी तोड़फोड़ की और वहां मौजूद चीज़ों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रतापपुरा इलाक़े में स्थित सेन्ट मैरी चर्च पर हमला किया गया है। इस हमले को भी भगवा चरमपंथियों द्वारा देश भर में इसाईयों के धार्मिक स्थलों पर हमलों के परिप्रेक्ष्य देखा जा रहा है।
इस हमले के बाद आगरा में इसाई समुदाय भयभीत है। सूत्रों के अनुसार, रकाबगंज पुलिस स्टेशन में अज्ञात हमलावरों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कराई गई है।
इस हमले के बाद आगरा के ज़िला मजिस्ट्रेट सहित वरिष्ठ अधिकारी चर्च का मुआयना करने पहुंचे।
इस बीच, आगरा में इसाई समुदाय के नेता ने 24 घंटों के भीतर अपराधियों के ख़िलाफ़ ठोस क़दम उठाए जाने की मांग की है।
इससे पहले 14 जनवरी को पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाक़े में चर्च में तोड़फोड़ की गई थी। चर्च अधिकारियों का कहना था कि यह हमले साम्प्रदायिक सद्भावना को बिगाड़ने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं।
4 और 7 जनवरी को भी दिल्ली के रोहिनी और जसोला इलाक़ों में गिरजाघरों पर हमले किए गए।
2 दिसम्बर 2014 को दिल्ली के दिलशाद गार्डन में स्थित एक चर्च में आग लगा दी गई थी। चर्च के अधिकारी इन हमलों के पीछे चमरपंथी भगवा संगठनों का हाथ मानते हैं।