30 मार्च 2015 - 17:24
इराक़ में सेना ने दर्जनों आतंकवादियों को मार गिराया।

इराकी रक्षा मंत्रालय ने रविवार को एक बयान में कहा है कि अलबू तामह और अल जज़ीरा गांवों और तिकरित शहर में आईएसआईएल के 27 आतंकवादियों को मार गिराया है।

अबनाः इराकी रक्षा मंत्रालय ने रविवार को एक बयान में कहा है कि अलबू तामह और अल जज़ीरा गांवों और तिकरित शहर में आईएसआईएल के 27 आतंकवादियों को मार गिराया है। अंबार प्रांत में इराकी सेना ने रेमादी क्षेत्र में चालीस आतंकवादियों को मार दिया।
इस बीच मूसेल के एक स्थानीय अधिकारी इब्राहीम ताई ने कहा है कि इस शहर के पूर्वी हिस्से में आईएसआईएल के एक महत्वपूर्ण कमांडर अब्दुल लतीफ़ एहसान जमीली ने आत्महत्या कर ली है।
इब्राहीम ताई ने कहा कि अलजमीली आईएसआईएल के कुख्यात जल्लादों में से एक था जिसने मूसेल में आईएसआईएल विरोधी एक सौ से अधिक लोगों की हत्या की थी। इराक़ से आने वाली एक और रिपोर्ट के अनुसार नैनवा प्रांत से इराकी संसद के सदस्य इंतेसार जबूरी ने कहा है कि आईएसआईएल के आतंकवादियों ने मूसेल शहर में कपड़ा कारखानों के मालिकों और दरज़ियों से कहा है कि वह अफगान शैली के औरतों व मर्दों के कपड़े तैयार करें। आईएसआईएल ने धमकी दी है कि अगर उनके आदेश का पालन नहीं किया गया तो वह उल्लंघन करने वालों और उनके परिजनों की हत्या कर देंगे।