18 दिसंबर 2014 - 17:31
 ईरान और हमास के बीच बातचीत पर सऊदी अरब उत्तेजित।

फिलिस्तीनी मीडिया के अनुसार तेहरान और फिलिस्तीनी प्रतिरोध आंदोलन हमास के बीच हालिया बातचीत से सऊदी अरब उत्तेजित हो गया है।

फिलिस्तीनी मीडिया के अनुसार तेहरान और फिलिस्तीनी प्रतिरोध आंदोलन हमास के बीच हालिया बातचीत से सऊदी अरब उत्तेजित हो गया है। रिपोर्ट के अनुसार फिलिस्तीनी समाचार एजेंसी अलरै ने एक सूत्र के हवाले से लिखा है कि सऊदी खुफिया एजेंसी के कुछ अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर विदेश में स्थित हमास के नेताओं से तेहरान और हमास के बीच हालिया समझौते के संबंध में संपर्क कर अपनी नाराज़गी जताई है। अलरै ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि सऊदी अरब ने तेहरान से सम्बंधित हमास की नीति पर अपनी सख्त नाराजगी जताते हुए हमास से तेहरान के साथ संबंध ख़त्म कर लेने की मांग की। सूत्रों के अनुसार सऊदी अरब ने फ़िलिस्तीन के प्रतिरोध आंदोलन हमास से यह वादा किया है कि अगर वह तेहरान से अपने संबंधों को सीमित करता है तो रियाद ग़ज़्ज़ा पर इस्राईली घेराबंदी के ख़त्म करने के लिये हर संभव प्रयास करेगा। सूत्रों के अनुसार हमास नेताओं को हालांकि सऊदी अरब के इस अनुरोध की ख़बर मिल चुकी है लेकिन हमास ने इसका कोई स्पष्ट जवाब अभी तक नहीं दिया है। ग़ौरतलब है कि ईरान के साथ संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से हमास के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में तेहरान का दौरा किया था।