10 दिसंबर 2014 - 19:08
 isil के विरुद्ध अमरीकी गठजोड़ फ़र्ज़ी।

ईरान के संसद सभापति ने कहा है कि आईएसआईएल के विरुद्ध अमरीका के नेतृत्व वाला गठजोड़ नक़ली लड़ाई कर रहा है।

ईरान के संसद सभापति ने कहा है कि आईएसआईएल के विरुद्ध अमरीका के नेतृत्व वाला गठजोड़ नक़ली लड़ाई कर रहा है।
डाक्टर अली लारीजानी ने तेहरान में हमास और अन्य फ़िलिस्तीनी संघर्षकर्ता गुटों के एक मंडल से मुलाक़ात में कहा कि यह गठजोड़ बेकार है और पश्चिमी शक्तियां आईएसआईएल से संघर्ष के नाम पर क्षेत्र में अपने अन्य अवैध हितों को साधने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चरमपंथी व आतंकी गुटों की ओर से जो कार्यवाहियां की जा रही हैं वे साम्राज्यवादी शक्तियों और क्षेत्र के कुछ देशों के समर्थन से हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यवाहियां मुसलमानों के विरुद्ध और क्षेत्र में हस्तक्षेप का बहाना हैं।
ईरान के संसद सभापति ने इसी प्रकार कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, ज़ायोनी शासन के मुक़ाबले में फ़िलिस्तीनी प्रतिरोध का समर्थन जारी रखेगा। लारीजानी ने कहा कि ईरान ने सभी परिस्थितियों में फ़िलिस्तीनी जनता का समर्थन किया है और ज़ायोनी शासन के वैश्विक व क्षेत्रीय समर्थकों के सभी प्रयासों के बावजूद अंततः फ़िलिस्तीनी राष्ट्र ही विजयी होगा।
इस मुलाक़ात में हमास के एक अधिकारी मुहम्मद नस्र ने ईरान द्वारा फ़िलिस्तीनी राष्ट्र के समर्थन व सहायता पर तेहरान के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि ग़ज़्ज़ा का इस्लामी प्रतिरोध केवल इस्लामी गणतंत्र ईरान की सहायता के कारण ही युद्ध में ज़ायोनी शासन को पराजित करने में सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि आईएसआईएल जैसे आतंकवादी गुटों को इस्राईल व पश्चिम की गुप्तचर सेवाओं ने अस्तित्व प्रदान किया है और इन गुटों की कार्यवाहियों के परिणाम स्वरूप क्षेत्र की जो वर्तमान स्थिति है वह ज़ायोनी शासन के हित में है।