तकफ़ीरी आतंकवादियों की रिहाई के लिए सउदी अरब के विदेश मंत्री जल्दी ही इराक़ के दौरे पर जाने वाले हैं।
समाचार एजेंसी बुरासा ने शुक्रवार को एक रिपोर्ट में लिखा है, “ अपेक्षाकृत विश्वस्त सूत्रों के हवाले से समाचार मिला है कि सउदी अरब के विदेश मंत्री सऊद अलफ़ैसल जल्दी ही बग़दाद जाएंगे ताकि सउदी तकफ़ीरी आतंकवादियों की रिहाई के संबंध में इराक़ी अधिकारियों से बातचीत करें।”
इराक़ के कुछ मीडिया हल्क़े भी इस देश की संसद की विदेश नीति समिति के सदस्य मिसाल अलआलूसी के हवाले से कह रहे हैं कि सउदी अरब ने गुप्त रूप से इराक़ से सिफ़ारिश की है कि सउदी आतंकवादियों को जेल से रिहा कर दिया जाए और इसी उद्देश्य के लिए सऊद अलफ़ैसल बग़दाद का अप्रत्याशित दौरा करने वाले हैं।
इराक़ के राष्ट्रपति फ़ोआद मासूम ने भी सउदी अरब से छपने वाले अख़बार अर्रियाज़ से इंटर्व्यू में कहा था कि सउदी अरब के क़ैदियों को हवाले करने का विषय भी बग़दाद सरकार की वार्ता के विषय में शामिल है।
कुछ दिन पहले सउदी अरब से छपने वाले अख़बार अलवतन ने भी लिखा था, “ कुछ सउदी कूटनयिकों ने इराक़ी जेलों में क़ैद सउदी नागरिकों की रिहाई के लिए इराक़ी अधिकारियों से बातचीत की है।”
जॉर्डन की राजधानी अम्मान में इराक़ के राजदूत सामी अस्सालेह ने भी कहा था कि बड़ी संख्या में सउदी नागरिक इराक़ी जेलों में बंद हैं।
5 दिसंबर 2014 - 20:01
समाचार कोड: 656164
तकफ़ीरी आतंकवादियों की रिहाई के लिए सउदी अरब के विदेश मंत्री जल्दी ही इराक़ के दौरे पर जाने वाले हैं।