5 दिसंबर 2014 - 19:52
 इराक़ी सेना की एक और कामयाबी

इराक़ में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आईएसआईएल के ख़िलाफ़ इराक़ी सेना ने सुन्नी क़बीले के लोगों और शीया स्वंयसेवी बल के साथ मिलकर अशांत सलाहुद्दीन प्रांत में नई कामयाबी हासिल की है।

इराक़ में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आईएसआईएल के ख़िलाफ़ इराक़ी सेना ने सुन्नी क़बीले के लोगों और शीया स्वंयसेवी बल के साथ मिलकर अशांत सलाहुद्दीन प्रांत में नई कामयाबी हासिल की है।
रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को इराक़ी सेना ने तिकरीत के दक्षिण में स्थित बलद क़स्बे के ‘अहबाब तल अज़्ज़हब’ इलाक़े को आज़ाद करा लिया है। यह इलाक़ा तकफ़ीरी आतंकवादियों का गढ़ समझा जाता था।इराक़ी सेना के एक सूत्र के हवाले से शफ़क़ न्यूज़ के अनुसार, “ सेना ने सटीक सैन्य आप्रेशन के दौरान बहुत ही ख़तरनाक इलाक़े को आज़ाद करा लिया है जिसे आईएसआईएल का मुख्य गढ़ समझा जाता था।” इस समय ‘अहबाब तल अज़्ज़हब’पर इराक़ी सेना का नियंत्रण है किन्तु रिपोर्ट मिलने तक छिटपुट झड़पें जारी थीं। गुरुवार को इराक़ी सेना की इस कार्यवाही के दौरान कम से कम 40 आतंकवादी मारे गए।
इसी प्रकार इराक़ी सेना सलाहुद्दीन प्रांत के उत्तर में अश्शरक़ात इलाक़े में पांच गावों को भी आतंकवादियों के क़ब्ज़े से आज़ाद कराने में सफल हुयी। इराक़ी सेना तकफ़ीरी आतंवकादियों के ख़िलाफ़ पिछले 6 महीने से लड़ रही है।
दूसरी ओर उत्तरी इराक़ के नैनवा प्रांत के केन्द्र मूसिल के दक्षिण में एक इलाक़े पर हवाई हमले में कम से कम 19 आतंकवादी ढेर हो गए।संवाददाता के अनुसार इराक़ी सुरक्षा सूत्र ने बताया कि गुरुवार को मूसिल के नज़दीक अलक़य्यारह इलाक़े पर आईएसआईएल के ठिकानों पर हवाई हमले हुए जिसमें कम कम से 19 आतंकवादी मारे गए और उनके 5 वाहन तबाह हो गए। इसी प्रकार इन आतंकवादियों के बड़ी मात्रा में हथियार भी तबाह कर दिए गए।दूसरी ओर सूमरिया न्यूज़ के अनुसार गुरुवार को बग़दाद के इलाक़े सद्र सिटी में आतंकवादी हमले में कम से कम 13 व्यक्ति हताहत और 50 अन्य घायल हुए। इस आतंकवादी हमले से पहले बग़दाद के ग्रीन ज़ोन इलाक़े में एक और आतंकवादी हमले में कम से कम 2 व्यक्ति हताहत और 6 अन्य घायल हुए।दूसरी ओर कुछ सूत्रों ने उत्तरी इराक़ के कर्कूक शहर में एक धमाके में कई लोगों के हताहत व घायल होने की सूचना दी है।