बग़दाद की स्थानीय संसद के प्रमुख मालअल्लाह अलओबैदी ने पश्चिमी अंबार के हीत क़स्बे में आईएसआईएल के गवर्नर के मारे जाने की सूचना दी है।
अल आलम टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ी सेना के युद्धक विमानों ने हीत क़स्बे में आईएसआईएल के ठिकानों पर भीषण हमले किए जिसमें इस क़स्बे का स्वयंभू गवर्नर अपने बाइस साथियों के साथ मारा गया। सूमरिया न्यूज़ ने ओबैदी के हवाले से बताया कि इराक़ी युद्धक विमानों ने मंगलवार देर रात पश्चिमी रूमादी से सत्तर किलोमीटर की दूरी पर स्थित हीत क़स्बे के हई बिक्र नामक स्थान पर आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया जिसमें आईएसआईएल का स्वयंभू गवर्नर सेनान मुतइब अपने 22 साथियों के साथ मारा गया।
ओबैदी का कहना है कि सेना के इस हमले में आतंकियों की पांच गाड़ियां तबाह हुईं जिन्हें वे हथियारों की सप्लाई के लिए प्रयोग करते थे।
इससे पहले सेना ने 15 नवंबर को सुन्नी क़बीले अल्बू निम्र के सहयोग से हीत क़स्बे के निकट एक स्थान पर ज़बरदस्त कार्यवाही की थी जिसमें हीत का पूर्व स्वयंभू गवर्नर तालिब मुसअब मुज़अल अपने साथियों के साथ मारा गया था। उधर सेना ने रूमादी के सेजारिया, सूफ़िया और हसीबा क्षेत्रों में अपनी स्थिति मज़बूत कर ली है जिसके दौरान होने वाली कार्यवाही में आईएसआईएल के 39 आतंकी मारे गये हैं।
सेना ने इसी प्रकार स्थानीय क़बीलों की सहायता से पश्चिमी रूमादी के हीत क़स्बे के महबूबिया क्षेत्र को आईएसआईएल के चंगुल से स्वतंत्र करा लिया है जिसके दौरान 22 आतंकी मारे गये। मारे गये आतंकियों में कई अरब देशों के नागरिक थे। सेना ने इस कार्यवाही में सरकारी इमारतों और सड़क के किनारे लगे साठ से अधिक बम बरामद करके निष्क्रिय कर दिया।
उधर अल आलम टीवी चैनल के रिपोर्टर ने बताया है कि आतंकियों की ओर से दक्षिणी सलाहुद्दीन के बलद नगर में फ़ायर किए गये दसियों मार्टर गोलों में कई आम नागरिक हताहत व घायल हुए हैं जबकि सेना ने इस क्षेत्र में आतंकियों के एक भीषण हमले को विफल बना दिया।
26 नवंबर 2014 - 17:33
समाचार कोड: 654244
बग़दाद की स्थानीय संसद के प्रमुख मालअल्लाह अलओबैदी ने पश्चिमी अंबार के हीत क़स्बे में आईएसआईएल के गवर्नर के मारे जाने की सूचना दी है।