25 नवंबर 2014 - 18:54
 अलएहसा की आतंकी हमले के दोषी गुट का पता लगा

सऊदी अरब के गृह मंत्रालय ने घोषणा की है कि उस आतंकी संगठन का पता लगा लिया गया है जो पूर्वी अलएहसा प्रांत के दालोवह गांव में किए गए हमले का दोषी है।

सऊदी अरब के गृह मंत्रालय ने घोषणा की है कि उस आतंकी संगठन का पता लगा लिया गया है जो पूर्वी अलएहसा प्रांत के दालोवह गांव में किए गए हमले का दोषी है।
सऊदी गृह मंत्रालय ने कहा है कि इस संगठन के तार आईएसआईएल से जुड़े हुए हैं और यह सीरिया, जार्डन तथा तुर्की के नागरिकों पर आधारित संगठन है जिसके 77 सदस्य हैं। सऊदी अरब के मीडिया में आने वाले बयान के अनुसार दालोवह में इमामबाड़े में मजलिस के बाद होने वाले हमले के पश्चात अपराधियों को पकड़ने के लिए जो छापे मारे गए उनमें एक कार्यवाही में 3 वांछित मारे गए जिनमें दो सऊदी और एक क़तरी नागरिक था। झड़प में दो सऊदी सुरक्षाकर्मी भी हताहत हो गए थे।
सऊदी गृह मंत्रालय में सुरक्षा विभाग के प्रवक्ता मंसूर तुर्की ने कहा कि 3 नवंबर को अलएहसा में होने वाले हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इस दुखद घटना की गहरी जांच की। प्रवक्ता के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों ने कुछ ही घंटों के दौरान इस घृणित घटना की पूरी जानकारी एकत्रित कर ली, इसमें लिप्त कुछ तत्वों को गिरफ़तार कर लिया और उस अपराधी संगठन का पता लगा लिया जिसके तार दिगभ्रमित आतंकी संगठन आईएसआईएल से जुड़े हुए हैं। गृह मंत्रालय के सुरक्षा विभाग ने पहली बार इस घटना से जुड़ी जांच का ब्योरा दिया है। प्रवक्ता के अनुसार देश के भीतर सक्रिय संगठन को सीमा पार से निर्देश मिले थे और उसे लक्ष्य, कार्यवाही के समय तथा अलएहसा में हमले की जगह के बारे में बताया गया था।
प्रवक्ता ने बताया कि संगठन के मुखिया ने अपने तीन साथियों का चयन किया, उनसे बैअत ली और फिर आक्रमण के स्थान की जानकारी एकत्रित की तथा एक निर्दोष नागरिक की हत्या करके उसकी गाड़ी छीनी और फिर आतंकी हमले के लिए इसी गाड़ी को प्रयोग किया गया। हमले में सात लोग मारे गए और 13 घायल हो गए। मंसूर तुर्की ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने गुप्त जानकारियों के आधार पर एक साथ कई स्थानों पर छापे मारे और इस संगठन से जुड़े सभी सदस्यों को गिरफ़तार करने का प्रयास किया।
प्रवक्ता ने बताया कि छापों के दौरान कुछ आतंकियों ने प्रतिरोध किया तो सुरक्षा बलों के हमले में तीन आतंकी मारे गए, इनमें दो सऊदी नागरिक अब्दुल्लाह बिन फ़रहान बिन ख़लीफ़ अलअन्ज़ी तथा सामी बिन शबीब बिन अव्वाज़ अलमुतैरी तथा एक क़तरी नागरिक सालिम बिन फ़र्राज बिन अज़ीज़ अलमरी थे। कार्यवाही में दो सुरक्षा कर्मी भी मारे गए। प्रवक्ता के अनुसार इस संगठन के संबंध के मामले में अब तक 77 लोगों को पकड़ा जा चुका है। प्रवक्ता के अनुसार 77 में से चार आतंकी, जिन्होंने दालोवह का हमला किया था, सऊदी नागरिकता रखते हैं, इनमें तीन को पहले भी गिरफ़तार किया जा चुका है जबकि चौथे आतंकी का कोई पुराना पुलिस रिकार्ड नहीं है।
मंसूर तुर्की के अनुसार जिन 77 संदिग्धों का पता चला है उनमें चार के अलावा सभी सऊदी नागरिक हैं। चार विदेशियों में जार्डन, सीरिया और तुर्की का एक-एक आतंकी है जबकि चौथे आतंकी की नागरिकता के बारे में कुछ नहीं बताया गया है। सऊदी गृह मंत्रालय के सुरक्षा विभाग के प्रवक्ता के बयान पर तुर्की, जार्डन और सीरिया की ओर से अभी कोई बयान नहीं आया है।