24 नवंबर 2014 - 16:44
 सीरियाः कई जगहों पर झड़पें, आतंकियों में आपसी भिड़ंत

सीरिया में हलब के निकट शीया बाहुल्य क्षेत्र नेब्बुल और ज़हरा पर नुस्राफ़्रंट और अन्य आतंकी संगठनों ने अब तक का सबसे भीषण हमला किया है।

सीरिया में हलब के निकट शीया बाहुल्य क्षेत्र नेब्बुल और ज़हरा पर नुस्राफ़्रंट और अन्य आतंकी संगठनों ने अब तक का सबसे भीषण हमला किया है।
अल आलम टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार इन क्षेत्रों का पिछले डेढ़ वर्ष से आतंकवादियों की ओर से परिवेष्टन जारी है और आतंकियों ने इस बार अब तक का सबसे भीषण हमला किया ताकि इस क्षेत्र पर नियंत्रण कर लें। सूत्रों का कहना है कि होने वाली भीषण झड़पों में दोनों ओर से बहुत अधिक लोग मारे गये हैं। आतंकियों के हमले में कई आम नागरिक भी निशाना बने।
सूत्रों का कहना है कि आतंकवादियों ने इसी क्षेत्र में एक महिला और उसके बच्चों का अपहरण करने के बाद उनकी हत्या कर दी।
शीया बाहुल्य क्षेत्र नेब्बुल और ज़हरा के स्थानीय लोग अपने क्षेत्रों की सुरक्षा स्वयं कर रहे हैं जबकि सीरिया संकट के आरंभ से ही उन्हें आतंकवादियों के भीषण परिवेष्टन का सामना रहा है। सीरिया के तथाकथित मानवाधिकार केन्द्र के प्रमुख रामी अब्दुर्रहमान का कहना है कि यह हमला अब तक का सबसे ख़तरनाक हमला है। उनका कहना था कि आतंकी, इस हमले से उत्तरी हलब में सरकारी बलों की ओर से बनाये जा रहे भीषण दबाव को कम करने का प्रयास कर रहे हैं।
समाचार लिखे जाने तक दोनों क्षेत्रों के आस पास भीषण लड़ाई जारी थी। दूसरी ओर पूर्वी ग़ोता में सेना की प्रगति के बाद और ज़बदीन पर सेना के नियंत्रण के बाद नुस्रा फ़्रंट ने एक अन्य आतंकी संगठन जैशे इस्लाम के दो कमान्डरों को मौत के घाट उतार दिया। नुस्रा फ़्रंट ने जैशे इस्लाम के दो कमान्डरों पर मैदान छोड़ने का आरोप लगा कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।