24 नवंबर 2014 - 06:13
 इराक़ी सेना को मिली बड़ी सफ़लता रोमादी शहर पर पूरा कंट्रोल।

पश्चिमी इराक़ के रोमादी शहर के एक इलाक़े को छोड़ कर इराक़ी सेना ने पूरे शहर को अपने नियंत्रण में ले लिया है।

पश्चिमी इराक़ के रोमादी शहर के एक इलाक़े को छोड़ कर इराक़ी सेना ने पूरे शहर को अपने नियंत्रण में ले लिया है।
इराक़ के गृह मंत्रालय व बग़दाद आप्रेशन के कमान्डर साद मोइन ने रविवार को स्काई न्यूज़ अरबी सेवा से बातचीत में कहा कि आईएसआईएल के ख़िलाफ़ अलअंबार प्रांत में अभियान में थल सेना को वायु सेना की मदद और क़बीलों को सशस्त्र करने से रोमादी शहर के अलहूज़ इलाक़े को छोड़ कर पूरे शहर से आतंकवादियों का सफ़ाया हो गया है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि कुछ घंटों में इराक़ी सेना अलहूज़ इलाक़े को भी अपने नियंत्रण में करने में कामयाब होगी। साद मुइन ने बताया कि क़बीलों को हथियार देने से बड़ी संख्या में आतंकवादी मारे गए।
एक और रिपोर्ट के अनुसार आतंकवादी गुट आईएसआईएल के आतंकवादियों ने रोमादी शहर पर हमले के दौरान सुन्नी क़बीले अलबूफ़हद के 25 सदस्यों की हत्या कर दी।
दूसरी ओर इराक़ के पेशमर्गा मिलिशिया और स्वंयसेवियों ने पूर्वी इराक़ के दियाला प्रांत के जलूला शहर के सादिया, रबीआ और मोहम्मद हैदर इलाक़ों को अपने घेरे में लेकर दसियों आतंकवादियों को ढेर कर दिया।
इसी प्रकार उत्तरी इराक़ के सलाहुद्दीन प्रांत के बैजी इलाक़े में क़बायली लोगों ने आईएसआईएल के 9 आतंकवादियों को ढेर कर दिया।
बग़दाद अभियान के कमान्डर ने बताया कि बग़दाद के दक्षिणी इलाक़े में 12 आतंकवादी मारे गए और उनके 2 ठिकाने तबाह कर दिए गए। उन्होंने बताया कि आतंकवाद से संघर्ष के क़ानून के आधार कुछ वांछित लोगों को बग़दाद के अनेक इलाक़ों से गिरफ़्तार किया गया है। इस अभियान के दौरान पश्चिमी बग़दाद के औदतुश शुक्र इलाक़े में दो घरों को सुरक्षा बलों ने अपने नियंत्रण में ले लिया जिसमें बम रखे गए थे। इसी प्रकार बग़दाद के पश्चिमी इलाक़े में आतंकवादियों के तीन ठिकाने और तीन वाहन ध्वस्त हो गए जिन पर आतंकवादी सवार थे।
इस रिपोर्ट के अनुसार बग़दाद के पश्चिमी इलाक़े में हथियार व विस्फोटक पदार्थ के चार भंडार बरामद हुए और 28 बमों को निष्कृय किया गया।