इराक़ के कर्कूक नगर के अलवहदा गांव में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आईएसईएल के स्नाइपर ने इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम के श्रद्धालुओं के कारवां पर फ़ायरिंग की जिसमें एक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गया।
अलआलम के अनुसार 25 मोहर्रम को इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम की शहादत दिवस पर इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम से संबंधित एक स्थल के दर्शन के लिए हज़ारों श्रद्धालु दाक़ूक़ शहर रवाना हुए।
दाक़ूक़ शहर के मेयर अमीर ख़ा करम ने बताया कि इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम की शहादत दिवस पर आयोजित समारोह में 20 हज़ार से ज़्यादा श्रद्धालु उपस्थित हैं।
इस बीच सूमरिया न्यूज़ ने सुरक्षा सूत्र के हवाले से बताया कि बुधवार की शाम दाक़ूक़ शहर के उपनगरीय गांव अलवहदा में इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम के श्रद्धालुओं पर आईएसईएल के स्नाइपर की फ़ायरिंग की घटना के बाद इराक़ी पुलिस और पेशमर्गा फ़ोर्सेज़ ने इस इलाक़े का घेराव कर लिया।
हज़रत इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम से संबंधित एक स्थल कर्कूक प्रांत के दाक़ूक़ शहर के उपनगरीय इलाक़े के ज़ैनुल आबेदीन नामक गांव में स्थित है और हर साल उनके शहादत दिवस पर इराक़ के विभिन्न इलाक़ों और अरब व ग़ैर अरब देशों से हज़ारों श्रद्धालु इस स्थल का दर्शन करने जाते हैं।
इमाम ज़ैनुल आबेदीन को 25 मोहर्रम 95 हिजरी क़मरी में 57 साल की उम्र में शहीद कर दिया गया और उनकी क़ब्र मदीना नगर में जन्नतुल बक़ीअ नामक क़ब्रस्तान में उनके चचा इमाम हसन अलैहिस्सलाम की क़ब्र के बग़ल में है।
20 नवंबर 2014 - 20:18
समाचार कोड: 652721
इराक़ के कर्कूक नगर के अलवहदा गांव में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आईएसईएल के स्नाइपर ने इमाम ज़ैनुल आबेदीन अलैहिस्सलाम के श्रद्धालुओं के कारवां पर फ़ायरिंग की जिसमें एक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गया।