अमरीका में इस देश की राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी के जासूसी कार्यक्रम पर नकेल कसने के लिए प्रस्तावित विधेयक को अमरीकी सिनेट ने रद्द कर दिया है।
यूएसए फ़्रीडम एक्ट नामक प्रस्ताव दो वोट न मिलने के कारण निरस्त हो गया। सिनेट में इसके पक्ष में 58 और विरोध में 42 मत पड़े। यह प्रस्ताव पास हो जाता तो अमरीका में एन.एस.ए. द्वारा बड़ी मात्रा में अमरीकी जनता की फ़ोन वार्ता की रिकार्डिंग पर रोक लग जाती। इस बिल के मुख्य रूप से विरोधी रिपब्लिकन्ज़ का मानना है कि फ़ोन रिकार्डिंग रोकने से देश के दुश्मनों को लाभ पहुंचेगा।
रिपब्लिकन सिनेटर मार्को रूबियो ने कहा, “ईश्वर न करे कि कल हमारी इस ख़बर पर आंख खुले कि आईएसआईएल का सदस्य अमरीका में है।” उन्होंने कहा कि अगर एन.एस.ए. ने फ़ोन कॉल पर नज़र न रखी तो इसका बहुत ही ख़तरनाक नतीजा निकलेगा।
डेमोक्रेट सिनेटर पैट्रिक लेही ने रूबियो की टिप्पणी को रद्द कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर आईएसआईएल को रोकने के लिए यह ज़रूरी होता तो आईएसआईएल कभी गठित ही नहीं हुआ होता।
ज्ञात रहे कि एन.एस.ए. के पूर्व एजेंट एडवर्ड स्नोडन द्वारा अमरीकी और विदेशी नागरिकों की व्यापक स्तर पर जासूसी का भांडा फोड़े जाने के बाद से अमरीका में जासूसी के कार्यक्रम पर बहस तेज़ हो गयी है।
19 नवंबर 2014 - 19:21
समाचार कोड: 652465
अमरीका में इस देश की राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी के जासूसी कार्यक्रम पर नकेल कसने के लिए प्रस्तावित विधेयक को अमरीकी सिनेट ने रद्द कर दिया है