19 नवंबर 2014 - 19:09
 वियाना में द्विपक्षीय वार्ताएं आरंभ

वियना में ईरान की परमाणु वार्ताकार टीम की रूस, फ़्रांस, ब्रिटेन और अमरीका के साथ द्विपक्षीय बातचीत शुरू हो गयी है।

वियना में ईरान की परमाणु वार्ताकार टीम की रूस, फ़्रांस, ब्रिटेन और अमरीका के साथ द्विपक्षीय बातचीत शुरू हो गयी है।वियना से हमारे संवाददाता के अनुसार, गुट पांच धन एक में रूस के प्रतिनिधि सिर्गेई रियाबकोफ़ और जर्मनी के प्रतिनिधि हैन्स डीटर लूकास के साथ ईरानी वार्ताकार अब्बास इराक़ची और मजीद तख़्ते रवान्ची की द्विपक्षीय बातचीत हुयी। इस प्रकार की वार्ता फ़्रांस, ब्रिटेन और अमरीका के प्रतिनिधियों के साथ क्रमानुसार आयोजित होगी।
मंगलवार को वार्ता के पहले दिन गुट पांच धन एक के बीच विशेषज्ञ स्तर की बातचीत शुरू हुयी जो रात को ख़त्म हुयी थी। मंगलवार को ईरानी विदेश मंत्री जवाद ज़रीफ़ और यूरोपीय संघ की समन्वयकर्ता कैथ्रिन एश्टन के बीच वर्किंग लंच के बाद दोनों पक्षों के बीच व्यापक परमाणु वार्ता का दसवां चरण शुरु हुआ जिसमें ईरान और अमरीका के उपविदेश मंत्रियों की आपस में बातचीत हुयी। इस बातचीत में ईरान की ओर से अब्बास इराक़ची और मजीद तख़्ते रवान्ची शामिल हुए जबकि अमरीका की ओर से विलियम बर्न्ज़ और विन्डी शरमन ने भाग लिया। इसके बाद एश्टन की सहायक हेल्गा श्मिद भी शामिल हुयीं और त्रिपक्षीय बातचीत हुयी। इसके बाद ईरान के उपविदेश मंत्रियों ने चीन के प्रतिनिधि के साथ बातचीत की।
ईरान और गुट पांच धन एक के बीच व्यापक सहमति की प्राप्ति के लिए जो समय सीमा तय हुयी थी वह 24 नवंबर है। मंगलवार की बातचीत के बाद अभी तक इस वार्ता के बारे में दोनों पक्षों की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है और पत्रकार आधिकारिक बयान का इंतेज़ार कर रहे हैं। ईरानी विदेश मंत्री जवाद ज़रीफ़ के अनुसार सहमति होने या पश्चिम की विशिष्टता लेने की इच्छा के कारण सहमति न होने की स्थिति में भी 24 नवंबर को ईरानी राष्ट्र की ही विजय होगी।