11 नवंबर 2014 - 19:01
 ।ग़ज़्ज़ा पर इस्राईली हमले की जांच के लिए समिति का गठन

संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव बान की मून ने ग़ज़्ज़ा में राष्ट्र संघ के कार्यालय पर इस्राईल के हालिया हमले में हुयी जानी व माली क्षति की समीक्षा के लिए एक जांच कमेटी का गठन किया है।

संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव बान की मून ने ग़ज़्ज़ा में राष्ट्र संघ के कार्यालय पर इस्राईल के हालिया हमले में हुयी जानी व माली क्षति की समीक्षा के लिए एक जांच कमेटी का गठन किया है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता फ़रहान हक़ ने सोमवार को कहा कि पांच सदस्यीय इस कमेटी की अध्यक्षता पैट्रिक कैमर्ट कर रहे हैं जो इससे पहले बान की मून के सैन्य सलाहकार रह चुके हैं। इसी प्रकार यह कमेटी, हमास द्वारा संयुक्त राष्ट्र संघ के शरणार्थी कैंपों को हथियारों के भंडार में परिवर्तित किए जाने के दावे की भी जांच करेगी।
ग़ज़्ज़ा पर इस्राईल के 50 दिवसीय हमले में 2140 फ़िलिस्तीनी शहीद और 11 हज़ार से ज़्यादा घायल हुए। शहीद होने वालों में ज़्यादातर आम फ़िलिस्तीनी थे। संयुक्त राष्ट्र संघ के अनुसार ग़ज़्ज़ा पर इस्राईल के हमले में हज़ारों घर तबाह हुए और कम से कम 223 स्कूलों को क्षति पहुंची है जिसमें संयुक्त राष्ट्र के अधीन स्कूल भी शामिल हैं।
बान की मून ने 14 अक्तूबर को ग़ज़्ज़ा के दौरे पर कहा था कि तबाही इतनी ज़्यादा है कि उसे शब्दों में बयान ही नहीं किया जा सकता और यह 2008 को ग़ज़्ज़ा पर इस्राईल के हमले तुलना में बहुत ही ज़्यादा है।
उन्होंने जेबालिया शरणार्थी कैंप में संयुक्त राष्ट्र संघ के अधीन स्कूल पर गोलाबारी पर खेद जताया जिस पर इस संघ का झंडा लगा हुआ था और इसमें हज़ारों फ़िलिस्तीनी पनाह लिए हुए थे। इस्राईल ने इस स्कूल पर ऐसी स्थिति में हमला किया कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने इस स्कूल के बारे में विस्तृत जानकारी इस्राइली सेना को दे दी थी।