अबनाः इस्लामी इंक़ेलाब के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली ख़ामेनेई ने एक आदेश जारी करके पांच वर्ष के लिए ईरान की रेडियो और टीवी संस्था की विदेशी सेवा के प्रमुख मुहम्मद सरअफ़राज़ को ईरान की रेडियो और टीवी संस्था का प्रमुख नियुक्त दिया है।
सुप्रीम लीडर के आदेश में, इस्लामी इंक़ेलाब की पहचान और सांस्कृतिक स्वाधीनता की रक्षा में रेडियो एवं टीवी संस्था की ऐतिहासिक ज़िम्मेदारियों की ओर संकेत करते हुए कहा गया है कि देश की रेडियो और टेलीवीजन संस्था, समाज के जनमत और संस्कृति के मार्गदर्शन की बहुत पड़ी ज़िम्मेदारी निभा रही है और यह एक सार्वजनिक विश्वविद्यालय की भांति धर्म, नैतिकता, जागरूकता और इस्लामी जीवन शैली के प्रचार व प्रसार की महत्त्वपूर्ण ज़िम्मेदारी संभाले हुए है।
इस्लामी इंक़ेलाब के सुप्रीम लीडर के आदेश में आया है कि ईरान की रेडियो और टेलीवीजन संस्था, देश को प्रगति के मार्ग पर लाने और ऊर्जा प्रदान करने वाले इंजन के रूप में सक्रिय है और इस महत्वपूर्ण संस्था पर जनमत को एकजुट करना, लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में प्रबंधन में सहायता, इस्लामी व्यवस्था की नीतियों को जारी रखना तथा देश की परियोजनाओं को क्रियान्वित करना भी ज़िम्मेदारी है।
इस्लामी इंक़ेलाब के सुप्रीम लीडर ने इसी प्रकार देश की रेडियो और टीवी संस्था के पूर्व प्रमुख इज़्ज़तुल्लाह ज़रग़ामी के साहसिक प्रयासों की सराहना की।
ज्ञात रहे कि मुहम्मद सरअफ़राज़ वर्ष 1992 में आईरआईबी की रेडियो और विदेशी सेवा के प्रमुख के रूप में चुने गये और रेडियो और टेलीवीजन संस्था के प्रमुख सैयद इज़्ज़तुल्लाह ज़रग़ामी की अध्यक्षता के दौरान प्रेस टीवी और हिस्पान टीवी के भी प्रमुख रहे।
उन्होंने बैरूत विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में डाक्ट्रेट की डिग्री प्राप्त की है और अरबी व अंग्रेज़ी भाषा में दक्ष हैं।
डा मुहम्मद सरअफ़राज़ का परिवार इस्लामी क्रान्ति की सेवा के लिए जाना जाता है उनके दो भाई देश की सेवा करते हुए शहीद हो चुके हैं। उनके बड़े भाई जवाद सरअफ़राज़, न्यायपालिका प्रमुख शहीद बहिश्ती के कार्यालय के प्रमुख थे और 1981 में जम्हूरिये इस्लामी पार्टी के कार्यालय में होने वाले आतंकवादी हमले में शहीद हो गये थे। उनके दूसरे भाई, इराक़ द्वारा ईरान पर थोपे गये युद्ध में मोर्चे पर शहीद हो गये थे। उनके पिता स्वर्गीय अबुल फ़ज़्ल सरअफ़राज़, ईरान के विमानन विभाग में इस्लामी क्रान्ति के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि थे।
मुहम्मद सरअफ़राज़ एक दक्ष लेखक भी हैं उन्होंने अरबी भाषा में एक पुस्तक लिखी जिसका शीर्षक था “तालेबान आंदोलन उदय से पतन तक”। यह पुस्तक अस्सी के दशक के मध्य बैरूत से प्रकाशित हुई है। प्रेस टीवी, अलआलम, आई फ़िल्म और हिस्पान टीवी जैसे कई टीवी और रेडियो चैनलों का प्रसारण उन्होंने आरंभ करवाया है। मुहम्मद सरअफ़राज़, ईरान की रेडियो और टीवी संस्था के छठें प्रमुख हैं, इससे पहले इस पद पर सादिक़ क़ुतुबज़ादे, मुहम्मद मूसवी ख़ुवैनी, मुहम्मद हाशिमी, अली लारीजानी और सैयद इज़्ज़तुल्लाह ज़रग़ामी असीन रह चुके हैं। सादिक़ क़ुतुबज़ादे को फांसी दिए जाने के बाद मुहम्मद मूसवी ख़ुवैनी को इस पद के लिए चुना गया था।
8 नवंबर 2014 - 16:07
समाचार कोड: 650039
इस्लामी इंक़ेलाब के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली ख़ामेनेई ने एक आदेश जारी करके पांच वर्ष के लिए ईरान की रेडियो और टीवी संस्था की विदेशी सेवा के प्रमुख मुहम्मद सरअफ़राज़ को ईरान की रेडियो और टीवी संस्था का प्रमुख नियुक्त दिया है।