अबनाः ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुट पांच धन एक के साथ परमाणु वार्ता में ईरान के अधिकारों को एक ज़रूरी एवं महत्वपूर्ण विषय बताया है।
अंतर्राष्ट्रीय मामलों में वरिष्ठ नेता के सलाहकार डॉक्टर अली अकबर विलायती ने गुरुवार को इरना से बात करते हुए ईरान व गुट पांच धन एक के बीच समग्र परमाणु समझौते के बारे में कहा कि यह वार्ता इस बात पर निर्भर होगी कि ईरान के अधिकारों की किस सीमा तक रक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि एनपीटी सहित सभी अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों के अनुसार शांतिपूर्ण परमाणु ऊर्जा से लाभ उठाने के संबंध में ईरान के अधिकार निर्धारित हैं।
डॉक्टर विलायती ने कहा कि ईरान की परमाणु वार्ताकार टीम ईरानी राष्ट्र और इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता के भरपूर समर्थन के साथ वार्ता में भाग ले रही है। उन्होंने कहा कि अमरीका व पश्चिम द्वारा ईरान के साथ गंभीर वार्ता करने पर तैयारी से पता चलता है कि क्षेत्र में ईरान की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है और इससे यह भी पता चलता है कि ईरान ने वैज्ञानिक मैदान में इतनी प्रगति कर ली है कि उसकी अनदेखी नहीं की जा सकती। अंतर्राष्ट्रीय मामलों में वरिष्ठ नेता के सलाहकार डॉक्टर विलायती ने बल देकर कहा कि अमरीका व पश्चिम के प्रतिबंधों के बावजूद ईरान प्रगति व विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने में सफल रहा है।
6 नवंबर 2014 - 20:17
समाचार कोड: 649674
ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुट पांच धन एक के साथ परमाणु वार्ता में ईरान के अधिकारों को एक ज़रूरी एवं महत्वपूर्ण विषय बताया है।