अहलेबैत (अ) समाचार एजेंसी अबना की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार के दिन सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत अलअहसा के दालवह कस्बे में इमाम बाड़े पर मशीनगनों से लैस चरमपंथियों की फ़ायरिंग के परिणाम स्वरूप सात लोगों की शहादत और नौ लोगों के घायल होने के बाद अधिकारियों ने बड़े पैमाने पर जांच शुरू की है।
मंगलवार को ही राजधानी रियाद के उत्तर में बुरैदा शहर में सशस्त्र चरमपंथियों और सिक्योरिटी फ़ोर्सेज़ के बीच झड़प के दौरान दो चरमपंथी और दो सुरक्षा बल मारे गए हैं। पुलिस ने कई स्थानों पर छापों के दौरान पंद्रह लोगों को हिरासत में भी लिया है।
मंगलवार के ही दिन एक कार्रवाई में अलदालवा घटना में शामिल होने के संदेह में हिरासत में लिए गए चरमपंथियों की पहचान पर पुलिस ने बुरैदा शहर की अलमुअल्लेमीन कॉलोनी के एक मकान पर छापा मारा तो वहां मौजूद सशस्त्र चरमपंथियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में दो सशस्त्र चरमपंथी और दो सुरक्षाबल मारे गये और कई ज़ख़्मी हो गए।
सऊदी गृह मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल मंसूर अलतुर्की ने कहा कि सुरक्षा बलों ने रियाद, अलएहसा, अलख़बर और पूर्वी प्रांत के कई स्थानों पर छापे मारे हैं और फ़ायरिंग की घटना में शामिल संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि सऊदी अरब में वहाबी चरमपंथी कि जिनका हुकूमत में दबदबा है,शिया मुसलमानों पर हमले करते हैं और उनके अधिकारों का उल्लंघन अपना अधिकार समझते हैं।










