ईरान ने सउदी अरब में इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के श्रद्धालुओं पर आतंकवादी हमले की निंदा की है।
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मर्ज़िया अफ़्ख़म ने सउदी अरब में इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के श्रद्धालुओं पर हुए आतंकवादी हमले की मंगलवार को निंदा करते हुए इस हमले के ज़िम्मेदारों को पकड़ कर उन्हें दंडित करने की सउदी सरकार से मांग की। उन्होंने कहा कि इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम की शहादत की बरसी पर शोकसभाओं का आयोजन इस्लामी समाज की पवित्र रीति है और इसका सदैव सम्मान किया गया है और बहुत पहले से इस्लामी और ग़ैर इस्लामी देश की सरकारें इन समारोहों का सम्मान करतीं और इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सुनिश्चित बनाती थीं।
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मर्ज़िया अफ़्ख़म ने सउदी अरब की सरकार से धार्मिक अवसरों व समारोहों में जनता की सुरक्षा को सुनिश्चित बनाने की मांग की।
ज्ञात रहे सोमवार की रात सउदी अरब के पूर्वी प्रांत के अलअहसा शहर के अद्दालूत गांव में इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम की याद में आयोजित शोक सभा पर चेहरे पर नक़ाब डाले 3 लोगों ने फ़ायरिंग की जिसमें 7 श्रद्धालु शहीद और 30 से ज़्यादा घायल हुए।
इस बीच सउदी अरब के गृह मंत्रायल ने अलअहसा के अद्दालूत गांव में इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम की शोकसभा पर आतंकवादी हमले के छह संदिग्धों को गिरफ़्तार करने की सूचना दी है।
हमारे संवाददाता के अनुसार सउदी अरब के गृह मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि अश्शरक़िया प्रांत के अलअहसा शहर में मोहर्रम की शोक सभा पर हमले के छह संदिग्ध लोगों को गिरफ़्तार किया है।
सउदी अरब के धर्मगुरुओं के संघ ने भी एक बयान में अलअहसा शहर के अद्दालूत गांव की घटना को घृणित अपराध की संज्ञा देते हुए इसकी निंदा की।
4 नवंबर 2014 - 18:44
समाचार कोड: 649205
ईरान ने सउदी अरब में इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के श्रद्धालुओं पर आतंकवादी हमले की निंदा की है।