3 नवंबर 2014 - 20:11
इराक़ में ज़ाएरीन की सुरक्षा पर ताकीद।

इराक़ के प्रधानमंत्री ने कहा है कि देश में हुसैनी श्रद्धालुओं की रक्षा आईएसआईएल के आतंकवादियों से संघर्ष जितनी ही महत्वपूर्ण है।

अबनाः इराक़ के प्रधानमंत्री ने कहा है कि देश में हुसैनी श्रद्धालुओं की रक्षा आईएसआईएल के आतंकवादियों से संघर्ष जितनी ही महत्वपूर्ण है।
हैदर एबादी ने सोमवार को एक बयान जारी के सुरक्षा बलों से कहा है कि वे इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम की ज़ियारत के लिए आने वाले लोगों की सुरक्षा के महत्व से अवगत रहें और इस दायित्व को पूरी चेतना के साथ, और आईएसआईएल से संघर्ष के समान ही पूरा करें। बयान में कहा गया है कि इस साल इमाम हुसैन की शहादत का दिन आशूरा ऐसी स्थिति में मनाया जा रहा है कि जब इराक़ी जनता अपनी धरती और मान्यताओं की रक्षा के लिए ऐसे गुट से लड़ रही है जो जनसंहार, अपहरण, विध्वंस और यौन शौषण जैसे सभी भयावह अपराध कर रहा है और इराक़ में धार्मिक तनाव पैदा करना चाहता है।
इराक़ी प्रधानमंत्री के बयान में सेना और स्वयं सेवियों से कहा गया है कि वे आईएसआईएल के आतंकियों के विरुद्ध संघर्ष और इस अपराधी गुट का दमन जारी रखें तथा देश के सभी स्थानों को इनके क़ब्ज़े से मुक्त करा लें।