अबनाः इराक़ी रक्षा मंत्री ने इस देश के उत्तरी भाग में स्थित मूसिल शहर से आतंकवादियों के सफ़ाए के लिए तैयारियों के पूरे होने की सूचना दी है।
इराक़ी रक्षा मंत्री ख़ालिद अलउबैदी ने रविवार को बताया कि सेना की एक वाहिनी और सात स्वंयसेवी ब्रिगेड के सहयोग से मूसिल में महा-स्वतंत्रता नामक विशेष अभियान का समय नज़दीक आ पहुंचा है।
उधर इराक़ी राष्ट्रपति फ़ोआद मासूम ने शनिवार को नैनवा प्रांत के कुलीन वर्ग के एक समूह को संबोधित करते हुए कहा कि मूसिल की आज़ादी की कोशिशें तेज़ हो रही हैं और सभी पक्षों ने मूसिल की आज़ादी के लिए कमर कस ली है।
इस बीच इराक़ी सेना शनिवार को स्वंयसेवियों के सहयोग से 17 मोर्चों पर सफल हुयी और बाबिल, अलअंबार, सलाहुद्दीन, नैनवा, और दियाला प्रांतों में दसियों आतंकवादियों को ढेर कर दिया।
ज्ञात रहे तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आईएसआईएल ने जून में इराक़ के मूसिल शहर पर धावा बोला और इस शहर पर क़ब्ज़ा कर लिया। मूसिल पर क़ब्ज़े के दौरान आईएसआईएल ने हज़ारों इराक़ियों का जनसंहार करने के इलावा ऐसे ऐसे अपराध किए हैं जिनसे मानवता शर्मा जाए।
2 नवंबर 2014 - 19:40
समाचार कोड: 648769
इराक़ी रक्षा मंत्री ने इस देश के उत्तरी भाग में स्थित मूसिल शहर से आतंकवादियों के सफ़ाए के लिए तैयारियों के पूरे होने की सूचना दी है।