2 नवंबर 2014 - 18:52
लीबिया में हालात बिगड़े, हिंसा में बढ़ोत्तरी।

लियोन ने शनिवार को लीबिया की अस्तव्यस्त स्थिति की ओर इशारा करते हुए अगले कुछ हफ़्तों में इस देश में राजनैतिक सहमति को ज़रूरी बताया है। उन्होंने साथ ही लीबिया में स्थायी शांति के लिए सभी देशों के समर्थन को भी ज़रूरी बताया है।

अबनाः लीबिया में संयुक्त राष्ट्र संघ के विदेश दूत बर्नाडिनो लियोन ने इस देश में संकट के गहराने की ओर से चिंता जतायी है।
लियोन ने शनिवार को लीबिया की अस्तव्यस्त स्थिति की ओर इशारा करते हुए अगले कुछ हफ़्तों में इस देश में राजनैतिक सहमति को ज़रूरी बताया है। उन्होंने साथ ही लीबिया में स्थायी शांति के लिए सभी देशों के समर्थन को भी ज़रूरी बताया है।
बर्नाडियो लियोन ने लीबिया में शांति स्थापित करने की कोशिश के तहत अरब संघ के महासचिव और मिस्री विदेश मंत्री से भेंटवार्ता की।
उन्होंने शनिवार को मिस्री विदेश मंत्री सामेह शुकरी से मुलाक़ात में लीबिया के हालात और इस देश में हिंसा और आतंकवाद को ख़त्म करने के लिए राजनैतिक वार्ता को परिणामजनक बनाने के लिए उठाए गए क़दम की समीक्षा की। इसी प्रकार लीबिया में शांति व स्थिरता लाने में पड़ोसी देशों की भूमिका और लीबिया की सरकार की मदद के लिए मिस्र द्वारा उठाए गए क़दम पर भी चर्चा हुयी।
ज्ञात रहे लीबिया में 2011 में आतंरिक झड़पों के बाद हालिया दिनों में बहुत ही भीषण हिंसक झड़पें हुयी हैं। लीबिया की सेना की विशेष टुकड़ी के कमान्डर ने बताया कि बेनग़ाज़ी में पिछले दो हफ़्तों में भीषण झड़पों में कम से कम 210 व्यक्ति मारे गए।
लीबियाई सेना के प्रवक्ता ने बताया कि सेना ने बेनग़ाज़ी के 80 प्रतिशत भाग को अपने नियंत्रण में ले लिया है और बेनग़ाज़ी के हवाई अड्डे के आस-पास के इलाक़ों सहित कुछ संवेदनशील क्षेत्रों को अंसारुश्शरीया गुट के सदस्यों के वजूद से पाक कर दिया है किन्तु रिपोर्ट मिलने तक बिनगाज़ी के विभिन्न क्षेत्रों झड़प जारी थी।