2 नवंबर 2014 - 18:50
फ़्रांस में पुलिस की बर्बर कार्यवाही में 6 घायल।

फ़्रांस में पुलिस की बर्बरता के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने वालों पर पुलिस की कार्यवाही में कम से कम 6 लोग घायल हुए।

अबनाः फ़्रांस में पुलिस की बर्बरता के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने वालों पर पुलिस की कार्यवाही में कम से कम 6 लोग घायल हुए।
शनिवार को फ़्रांस के दो शहर नैन्टिज़ और टुलूज़ में हिंसा उस समय फैल गयी जब एक बांध के निर्माण के ख़िलाफ़ प्रदर्शन के दौरान एक कार्यकर्ता की हत्या के लिए पुलिस को ज़िम्मेदार ठहरा रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गयी।
पश्चिमी शहर नैन्टिज़ में दंगा रोधी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ रबर की गोलियां इस्तेमाल कीं जो पुलिस पर तेज़ाब की बोतल फेंक रहे थे।
दक्षिण-पश्चिमी शहर टुलूज़ में भी पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुयी। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार झड़प के दौरान एक पुलिस अधिकारी को हल्की चोटें आयीं और 8 लोगों को गिरफ़्तार कर लिया गया।
शुक्रवार को प्रशासन ने घोषणा की कि बांध का काम स्थगित कर दिया गया है। विवादास्पद बांध परियोजना के निर्माण स्थल के पास आयोजित रैली में एक युवा प्रदर्शनकारी की हत्या के लिए पुलिस को ज़िम्मेदार ठहराते हुए शुक्रवार को ही मार्से शहर में लगभग सौ लोग सड़कों पर आए।