29 अक्टूबर 2014 - 19:49
सीरिया के हुम्स में दर्जनों हताहत

सीरिया के केन्द्रीय प्रांत हुम्स में तकफ़ीरी आतंकवादियों और सैनिकों के बीच झड़प में दर्जनों लोग हताहत हुए।

सीरिया के केन्द्रीय प्रांत हुम्स में तकफ़ीरी आतंकवादियों और सैनिकों के बीच झड़प में दर्जनों लोग हताहत हुए।
ब्रिटेन आधारित तथा-कथित सीरियन ऑब्ज़रवेट्री फ़ॉर ह्यूमन राइट्स ने बुधवार को कहा कि हुम्स में झड़प में कम से कम 30 सैनिक और अज्ञात संख्या में आतंकवादी मारे गए। इस गुट ने कहा कि यह झड़प उस समय शुरु हुयी जब आईएसआईएल के आतंकवादियों ने हुम्स की शाएर तेल एवं गैस फ़ील्ड पर हमला किया और बताया कि आतंकवादियों ने इस गैस फ़ील्ड के एक भाग पर क़ब्ज़ा कर लिया।
जुलाई में इसी तेल फ़ील्ड पर आईएसआईएल के आतंकवादियों के हमले में सुरक्षा गार्ड और आम लोगों सहित 270 लोग मारे गए थे। बंदी बनाए गए ज़्यादातर पीड़ितों को आईएसआईएल ने जान से मार दिया था। आईएसआईएल ने सीरिया और इराक़ के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों पर क़ब्ज़ा कर लिया है। समाचारों के अनुसार इस गुट ने सीरिया और इराक़ के तेल और गैस की कई फ़ील्ड पर क़ब्ज़ा कर रखा है।
पिछले हफ़्ते अमरीकी वित्त मंत्रालय ने कहा कि इराक़ और सीरिया में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आईएसआईएल हर दिन चोरबाज़ार में तेल बेच कर दस लाख डॉलर कमा रहा है।
ज्ञात रहे सीरिया मार्च 2011 से विदेश समर्थित आतंकवाद से संघर्ष कर रहा है। तकफ़ीरी गुटों द्वारा भड़काई गयी हिंसा में अब तक 2 लाख लोग मारे गए हैं।