पाकिस्तान के क़बाईली क्षेत्र उत्तरी वज़ीरिस्तान में दो अलग अलग हवाई हमलों में दो उज़्बक आतंकियों सहित 33 आतंकवादी मारे गए और उनके 9 ठिकाने नष्ट हो गए।
सूत्रों के अनुसार हवाई हमलों में लताका, सानज़ई, दनारी और अन्य उपनगरीय क्षेत्रों में चरमपंथियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया। पकिस्तानी सेना के संपर्क विभाग आई एस पी आर के प्रवक्ता के अनुसार दत्ता ख़ैल में सुबह एक हवाई हमले में 18 आतंकवादी मारे गए जबकि बाद में घरलामई क्षेत्र में गन शिप हेलिकॉप्टर द्वारा एक हमला किया गया जिसमें 15 आतंकवादी मारे गए।
उधर सोमवार को बाजौड़ एजेंसी की तहसील चरमंग में चरमपंथियों ने सुरक्षा बलों की गाड़ी को आई ई डी से निशाना बनाया जिसमें नौ जवान घायल हो गये। घायलों में फ्रंटियर कोर के सात और लेवीज़ के दो जवान शामिल हैं।
याद रहे कि आठ जून को कराची के जिनाह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हमले के एक सप्ताह बाद पाकिस्तानी सेना ने उत्तरी वज़ीरिस्तान में स्थानीय और विदेशी उग्रवादियों के विरुद्ध ऑप्रेशन शुरू किया था। ऑप्रेशन से पहले एक लंबे समय तक शांति वार्ता जारी रही किन्तु वार्ता में दोनों पक्ष किसी परिणाम पर नहीं पहुंच सके थे जिसके बाद वार्ता प्रक्रिया को विफल क़रार दे दिया गया था। आतंकवादियों के विरुद्ध सेना की कार्यवाही के दौरान उत्तरी वज़ीरिस्तान का एक बड़ा भाग उग्रवादियों से ख़ाली कराया जा चुका है। सेना का कहना है कि ऑप्रेशन में अब तक हजार से अधिक आतंकवादी मारे गये हैं जबकि 90 से अधिक सैनिक भी हताहत हो चुके हैं।
27 अक्टूबर 2014 - 19:27
समाचार कोड: 647297
पाकिस्तान के क़बाईली क्षेत्र उत्तरी वज़ीरिस्तान में दो अलग अलग हवाई हमलों में दो उज़्बक आतंकियों सहित 33 आतंकवादी मारे गए और उनके 9 ठिकाने नष्ट हो गए।