27 अक्टूबर 2014 - 19:20
इराक़, जरफ़ुस्सख़र का अंतिम गढ़ भी सेना के नियंत्रण में

इराक़ी सेना ने स्वंयसेवियों की सहायता से राजधानी बग़दाद से साठ किलोमीटर दूरी पर स्थित जरफ़ुस्सख़र के अंतिम गढ़ को भी तकफ़ीरी आतंकवादियों के वजूद से पाक कर दिया है।

इराक़ी सेना ने स्वंयसेवियों की सहायता से राजधानी बग़दाद से साठ किलोमीटर दूरी पर स्थित जरफ़ुस्सख़र के अंतिम गढ़ को भी तकफ़ीरी आतंकवादियों के वजूद से पाक कर दिया है।
इराक़ी सेना ने सोमवार को जरफ़ुस्सख़र में आईएसआईएल के अंतिम गढ़ अलफ़ाज़ेलिया इलाक़े से भी उनका सफ़ाया कर दिया है। इराक़ी सशस्त्र सेना की कमान के प्रवक्ता के अनुसार अलफ़ाज़ेलिया जरफ़ुस्सख़र का अंतिम इलाक़ा था जिससे आईएसआईएल का सफ़ाया कर दिया गया।  जरफ़ुस्सख़र दक्षिणी इराक़ के तेल से समृद्ध प्रांतों को राजधानी बग़दाद से जोड़ता है।
इराक़ी अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि सेना स्ट्रेटिजिक क़स्बे जरफ़ुस्सख़र से आईएसआईएल को खदेड़ने और इसके ज़्यादातर भाग को अपने नियंत्रण में लेने में सफल हो गयी है।
दूसरी ओर शनिवार को ही इराक़ी कुर्द मिलिशिया ने कई हफ़्तों की भीषण लड़ाई के बाद उत्तरी क़स्बे ज़ुमर सहित पास के कई गावों को फिर से अपने नियंत्रण में कर लिया है। सशस्त्र सेना ने हमरीन पहाड़ी क्षेत्र के निकट स्थित चार गावों को तकफ़ीरी आतंकवादियों के क़ब्ज़े से छुड़ा लिया है। इराक़ में सेना लगभग छह महीने तकफ़ीरी आतंकवादियों से लड़ रही है।
इस समय सीरिया और इराक़ के सीमावर्ती क्षेत्रों पर आईएसआईएल का क़ब्ज़ा है। इन आतंकवादियों ने अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों में स्थानीय और विदेशी लोगों के सिर काटने, जनसंहार सहित ऐसे जघन्य अपराध किए हैं जिनसे मानवता शर्मा जाए।